दिल्ली

यमुना नदी में तैरते समय चार लोग डूबे, 3 के शव बरामद, चौथे की तलाश जारी

नई दिल्लीः दिल्ली में यमुना नदी में तैरते हुए नाबालिगों समेत 4 लोगों के डूबने की खबर सामने आई है। शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने कहा कि उन्हें घटना के बारे में तड़के करीब 1.20 बजे एक फोन आया जिसमें बताया गया कि चार लोग लापता हैं। उन्होंने कहा, "यह पाया गया कि गुरुवार को दोपहर करीब 14-20 साल की उम्र के चार व्यक्ति लोनी से ठोकर नंबर 7, सोनिया पुश्ता, बुराड़ी में यमुना में तैरने आए थे।"

ये भी पढ़ें..2 फेरे के बाद मंडप छोड़कर भागी दुल्हन, वजह जान उड़ गए लोगों के होश

लापता लोगों के कुछ कपड़ों के साथ यमुना तट पर एक मोटरसाइकिल मिली। भोर के आसपास, एक खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया था। अधिकारी ने कहा, "गोताखोरों ने अब तक तीन शव बरामद किए हैं।" उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान अभी भी जारी है। फिलहाल जिन लोगों के शव निकाल लिए गए हैं, उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक कैसे डूबे, इसके लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। हादसे के बाद से ही मृतकों के घर में मातम पसरा हुआ है, सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

बता दें कि इससे पहले रविवार को गाजियाबाद के लोनी में यमुना नदी में दोस्तों के साथ नहाने गया 12 साल का किशोर दानिश डूब गया था। उसकी तलाश में पुलिस ने गोताखोर उतारे थे। उसका शव 5 जुलाई को नदी के किनारे मिला था। ट्रॉनिका सिटी थाना एसएचओ अरविंद पाठक ने बताया कि मंगलवार रात को दानिश का शव मिला। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। दरअसल रविवार सुबह अपने 3 दोस्तों सुलेमान अंसारी (14), रमजान(13) और फिरोज (12) के साथ यमुना नदी में नहाने गया था। चारों नदी में उतर गए। यमुना गहरी होने के कारण चारों डूबने लगे। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक ग्रामीण ने 3 किशोरों को बाहर ‌निकाल ‌लिया, लेकिन दानिश कहीं नहीं मिला था। दो दिन बाद उसका शव ही बरामद हुआ।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)