Delhi flood: यमुना का जलस्तर घटा, लेकिन बाढ़ का खतरा बरकरार, NDRF की 16 टीमें तैनात

19

Delhi flood

Delhi flood: देश में मानसून की बारिश से पहाड़ और मैदान में अब हालात कुछ सुधरे हैं। इस बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर कुछ कम हुआ है। मगर कई इलाके अभी भी जलमग्न हैं। दिल्ली पर अभी भी बाढ़ का खतरा टला नहीं है। बाढ़ से त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रही दिल्ली में भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज (शनिवार) के लिए यलो अलर्ट जारी कर मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अलावा शनिवार यानी आज सुबह दिल्ली-एनसीआर कुछ इलाकों में बारिश हुई है। अभी दिल्ली के शांति वन इलाके और आईटीओ में जलभराव है। यमुना नदी का जलस्तर आज सुबह सात बजे 207.62 मीटर पर आ गया है।

20 घंटे बाद खुला ITO बैराज का जाम हुआ पहला गेट

delhi-flood

राजधानी दिल्ली में बाढ़ (Delhi flood) को देखते हुए एनडीआरएफ की 16 टीमों को तैनात किया गया है। कई जगहों पर जलभराव के चलते रूट को डायवर्ट कर दिया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से वैक्लपिक मार्ग चुनने की अपील की है। बताया जा रहा है कि करीब 20 घंटों की बिना रुके मेहनत के बाद, ITO बैराज का पहला जाम हुआ गेट खोल दिया गया है। गोताखोर टीम ने पानी के नीचे से सिल्ट कंप्रेसर द्वारा निकाली, फिर हाईड्रा क्रेन से गेट को खींचा गया। जल्द ही पांचों गेट खोल दिए जाएंगे। दरअसल, यमुना बैराज में 32 में से 5 गेट बंद हैं, जिससे पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है। पांचों गेट खुलने से पानी का बहाव कम हो जाएगा। ये गेट कई दशकों से नहीं खोले गए हैं। जिसके कारण वो जाम हो गए।

ये भी पढ़ें..Biperjoy से प्रभावित किसानों के लिए राहत पैकेज की घोषणा, 311 टीमों ने बनाया…

दिल्ली-यूपी में 6 दिन तक बारिश की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले छह दिन तक बारिश की संभावना है। मगर तेज बारिश के आसार नहीं हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश और बिहार में भी आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यूपी में लखनऊ समेत 50 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। फर्रुखाबाद, बलरामपुर, पीलीभीत, श्रावस्ती, बहराइच,कन्नौज, शाहजहांपुर और बरेली के आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।

Delhi flood-Yamuna-water-level

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

बिहार के भागलपुर, पश्चिमी चंपारण, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, मधेपुरा, मधेपुरा, सहरसा, मधुबनी और खगड़िया में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। उत्तराखंड के कुमाऊं के नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में बारिश का रेड अलर्ट और देहरादून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया। कई दिनों से उत्तराखंड में बारिश कहर बरपा रही। उत्तरकाशी समेत कई जगहों में भूस्खलन हुआ है।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आज अरुणाचल प्रदेश, असम, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, मेघालय, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और गोवा में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, पूर्वी राजस्थान, दक्षिणी गुजरात, केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप, पंजाब, हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)