Delhi flood: पीएम मोदी ने की LG से मुलाकात, बाढ़ के हालात पर दिए निर्देश

26

pm narendra modi

 

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस और संयुक्त अरब अमीरात की तीन दिवसीय यात्रा के बाद शनिवार को दिल्ली लौट आए। राजधानी के एएफएस पालम एयरपोर्ट पर उतरने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले दिल्ली में बाढ़ के हालात की जानकारी ली। उन्होंने बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए किए गए इंतजामों के बारे में उपराज्यपाल वीके सक्सेना से फोन पर बात की।

फोन पर जानी स्थिति

विदेश दौरे से लौटने पर प्रधानमंत्री मोदी ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना से यमुना नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण दिल्ली में बाढ़ की स्थिति और किए जा रहे कार्यों की प्रगति के बारे में बात की। फोन पर बात करते हुए पीएम मोदी ने जहां दिल्ली में बाढ़ के हालात की जानकारी ली, वहीं निर्देश दिया कि राहत कार्यों में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद मुहैया कराने की भी बात कही।

हर संभव प्रयास के दिए निर्देश

प्रधानमंत्री से फोन पर बात करने के बाद उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने ट्वीट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घर पहुंचते ही फोन किया और दिल्ली में बाढ़ की स्थिति का विस्तृत ब्यौरा लिया और संबंधित प्रयासों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने फिर से केंद्र की मदद और सहयोग से दिल्ली के लोगों के हित में हर संभव प्रयास करने का निर्देश दिया। इससे पहले गुरुवार को भी प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस से दिल्ली के उपराज्यपाल से फोन पर बातचीत की थी। तब भी दिल्ली में जलभराव और बाढ़ की स्थिति और उससे निपटने के प्रयासों के बारे में जानकारी ली गई थी।

यमुना का पानी बढ़ने से आई परेशानी

दरअसल, राजधानी दिल्ली में बारिश के बीच यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। जिसके कारण राष्ट्रीय राजधानी पानी-पानी हो गई है। हालांकि अब यमुना का जलस्तर कम होने लगा है, लेकिन अभी भी कई इलाकों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात 10 बजे तक यमुना का जलस्तर 206।87 मीटर तक पहुंच गया है, जो पहले से काफी कम है। यानी यमुना में पानी का स्तर कम हो रहा है। वहीं, शनिवार शाम को दिल्ली में हुई तेज बारिश के बाद मौसम विभाग ने रविवार यानि 16 जुलाई के लिए भी बारिश की संभावना जताई है।