Dehadun Weather Today: सूरज की तेज तपिश से झुलसा उत्तराखंड, पहाड़ों पर भी बरस रहा कहर

0
26
dehadun-weather-today

Dehadun Weather Today: मैदानी इलाकों की तरह उत्तराखंड में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। इससे प्रदेशवासियों का हाल बेहाल है। कई इलाकों का तापमान 40 डिग्री से ऊपर चला गया है। ऐसे में अब लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं। उत्तराखंड में मैदान से लेकर पहाड़ तक गर्मी से जनजीवन प्रभावित है।

मैदानी इलाकों में पारे ने तोड़े सारे रिकॉर्ड

मैदानी इलाकों में पारे ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। गर्मी से आम लोग बेहाल हैं। पिछले 10 दिनों से मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है, जो सामान्य से छह से नौ डिग्री सेल्सियस अधिक है। मंगलवार दोपहर तीन बजे दून में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में भीषण गर्मी से राहत मिलने की बजाय पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। मैदानी इलाकों में लू चलने को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

इसे भी पढ़ें-गर्मी ने लिया प्रचंड रुप, Heat Wave से 6 लोगों की मौत

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने 19 जून को उत्तराखंड में बारिश की संभावना जताई है। उत्तराखंड के कई इलाकों में तापमान सामान्य से छह से नौ डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है। इतना ही नहीं मैदानी इलाकों में भी लोग भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं और बारिश के लिए तरस रहे हैं। फिलहाल मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी और नैनीताल में लू चलने की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। लोगों को दोपहर 12 से शाम 4 बजे के बीच घरों से बाहर निकलने से बचना चाहिए। साथ ही खुद को हाइड्रेट रखने के लिए पानी का सेवन करते रहना चाहिए। इसके अलावा खाने में हल्की और ठंडी चीजों का सेवन करना चाहिए।

दिन में भीषण गर्मी, रात में भी राहत नहीं

भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में दिन में जीना मुश्किल है और रात में भी राहत नहीं मिल रही है। दून में अधिकतम तापमान जहां सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस अधिक है, वहीं न्यूनतम तापमान भी पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। जबकि इन दिनों दून का अधिकतम तापमान 34-35 और न्यूनतम तापमान 22-23 डिग्री सेल्सियस है। ऐसे में रात में भी गर्म हवाएं और उमस भरी गर्मी महसूस की जा रही है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)