Dehradun: कमरे में दंपती के सड़े-गले शव के बीच जिंदा मिला पांच दिन का मासूम, देखने वाले हर गये हैरान

255

dehradun-news

देहरादूनः जिले के क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र अन्तर्गत टर्नर रोड पर दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आयी है। यहां क्लेमेंटाउन इलाके के एक घर मे पति-पत्नी के सड़े-गले शव मिले थे। दोनों के शव कमरे के फर्श पर पड़े थे। इसी बीच उनका पांच दिन का नवजात बच्चा रोता हुआ मिला। दोनों शवों के नाक से खून निकल रहा था। कमरे के सामने के दरवाजे पर ताला लगा हुआ था और पीछे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। ऐसे में पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।

दरअसल यह घटना टर्नर रोड की गली नंबर सी 13 स्थित एक मकान की है। दोनों शवों की पहचान काशिफ पुत्र मोहताशिम निवासी चालोली, नंगल, सहारनपुर और उसकी पत्नी अनम के रूप में हुई है। निर्माण कार्य में काशिफ की जेसीबी चलती है। उसने एक साल पहले अनम से शादी की थी। वह यहां चार माह से मकान के ऊपरी हिस्से में किराए पर रह रहा था।

पहली पत्नी कर रही थी फोन

काशिफ की पहली पत्नी नुसरत कई दिनों से उन्हें फोन कर रही थीं, लेकिन इसी बीच सोमवार को फोन स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद उसने काशिफ के साथी और उसके साले को फोन कर इसकी जानकारी दी। इस पर सभी थाने पहुंचे और पुलिस को घर ले गए। मकान के निचले हिस्से में कोई नहीं रहता है। पुलिस ऊपर पहुंची तो वहां से दुर्गंध आ रही थी। अंदर से किसी बच्चे के रोने की आवाज आ रही थी। बगल के कमरे का दरवाजा बंद था। जबकि पीछे का दरवाजा अंदर से बंद था।

ये भी पढ़ें..Prayagraj: गंगा में स्नान के दौरान RAF जवान समेत चार लोग…

पुलिस ने दरवाजे की जाली तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो काशिफ और अनम के खून से लथपथ शव फर्श पर पड़े मिले। दोनों के शरीर से कीड़े निकल रहे थे। बीच में एक नवजात पड़ा था। पुलिस ने पहले नवजात को उठाया और एंबुलेंस से दून अस्पताल ले गई। एसओ क्लेमेंटटाउन शिशुपाल सिंह राणा ने बताया कि दोनों के नाक से खून निकल रहा था। उनके शरीर की जांच की गई तो चोट के कोई निशान नहीं थे। कमरे में रखा सामान भी जस का तस रखा हुआ था। ऐसे में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है।

पहली पत्नी से है पांच साल का बेटा

काशिफ की पहली शादी छह साल पहले नुसरत से हुई थी। इस शादी से उसका पांच साल का बेटा भी है, लेकिन एक साल पहले अनम से प्यार हो गया। दोनों शादी के लिए राजी हो गए। दोनों के परिवार इस पर राजी नहीं हुए। इस पर कई बार पंचायत भी हुई। आखिरकार दोनों परिवारों की मौजूदगी में शादी करनी पड़ी। अब अनम के घर वालों का उससे कोई लेना-देना नहीं था। दोनों की मौत के बाद काशिफ के परिजन मौके पर पहुंच गए थे, लेकिन अनम के परिजन नहीं आए।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)