उत्तर प्रदेश

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- हिन्दू मुस्लिम की बात नहीं करता आरएसएस

blog_image_663e2c2622d04

लखनऊः रक्षामंत्री राजनाथ सिंह (Defense Minister Rajnath Singh) ने कहा कि मैं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (Rashtriya Swayamsevak Sangh) का स्वयंसेवक हूं। इसका मुझे गर्व है। संघ हिन्दू मुस्लिम की बात नहीं करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो कहा वह किया। हम वोट के लिए तुष्टीकरण नहीं करते। भाजपा धर्म व जाति के आधार पर हिन्दू-मुस्लिम-सिख-ईसाई किसी के साथ भेदभाव नहीं करती है। राजनाथ सिंह गोमतीनगर विस्तार स्थित सीएमएस सभागार में मतदाता जागरूकता मंच की ओर से आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।

भारत जो बोलता है दुनिया सुनती है

रक्षामंत्री ने कहा कि भारत में रामराज्य का आगाज होकर रहेगा। आज लोगों के अन्दर देश के प्रति दायित्व बोध हो रहा है। जब लोगों में अपने कर्तव्यों के प्रति दायित्व बोध हो जायेगा तब समझो राम राज्य आ गया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल सत्ता प्राप्ति के लिए राजनीति नहीं करती है। हम धनवान, ज्ञानवान, विज्ञान व अध्यात्म के क्षेत्र में विश्व का नेतृत्व करने वाला भारत बनाना चाहते हैं। हम अपने देश को कैसे आगे ले जा सकते हैं पर आज विचार करने की आवश्यकता है। राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्व में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। आज जब भारत कोई बात कहता है तो पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है। हम 2047 तक विकसित भारत बनाना चाहते हैं।

कार्यक्रम के मुख्यवक्ता के रूप में बोलते हुए पांचजन्य के संपादक हितेश शंकर ने कहा कि दस वर्षों में देश में बहुत बड़ा बदलाव आया है। इन दस वर्षों में देश की राजनीति का चित्र व चरित्र बदला है। आज पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है। उन्होंने कहा कि आज व्यक्तिगत व सामूहिक उद्देश्यों को समझने का मौका है। व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं और अहंकार को छोड़कर देश के बारे में विचार करने की आवश्यकता है। आंतरिक व वाह्य सुरक्षा मजबूत हुई है। भारत के मूल विचार को आगे बढ़ाने का काम हुआ है। नई शिक्षा नीति बनी है। अन्त्योदय के लिए काम हुआ है।

शत-प्रतिशत मतदान की शपथ

हितेश शंकर ने कहा कि समाज को जातियों में बांटकर अलग-अलग मत व मजहब के आधार पर वोटबैंक बनाने का काम कुछ लोगों ने किया। कुछ लोगों ने पंचवर्षीय योजना को बंधक बनाकर रखा था। इन दस वर्षों में सबके लिए काम हुआ है आज पड़ोसी देश पाकिस्तान में कंगाली है। कई देशों की अर्थव्यवस्था की हालत खराब है ऐसे समय में तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था वाला भारत का नाम सुनकर सीना चौड़ा हो जाता है।

यह भी पढ़ेंः-ईडी अधिकारियों के खिलाफ दर्ज केस में हाई कोर्ट ने हेमंत सोरेन से मांगा जवाब, जानें मामला

वहीं, कार्यक्रम में शत-प्रतिशत मतदान की शपथ भी दिलाई गयी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रशान्त भाटिया, ब्रहमा कुमारी की राधा बहन, संघ के विभाग कार्यवाह अमितेश सिंह, बाल संरक्षण आयोग के सदस्य श्याम त्रिपाठी, लखनऊ दक्षिण के जिला प्रचारक अजीत प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

  (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)