फ़रीदाबाद में आवारा कुत्तों का जानलेवा हमला, 3 बच्चों को बुरी तरह नोचा, 3 युवकों को भी बनाया निशाना

0
18

फरीदाबाद: शहर में एक कुत्ते ने 6 लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते ने तीन बच्चों और तीन युवकों को काटकर बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से डॉक्टरों को सभी को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर करना पड़ा। घटना शनिवार देर रात फरीदाबाद के सूर्या विहार सेहतपुर पल्ला इलाके की है।

गली नंबर-12 में कुत्ता अचानक खूंखार हो गया। इसके बाद जो भी सामने आया उसे बुरी तरह काटा। इनमें एक परिवार के दो सदस्य राजेश कुमार और उनकी 12 साल की बेटी अंशी भी शामिल हैं। कुत्ते ने दूसरे परिवार के 4 सदस्यों को भी अपना शिकार बनाया। कुत्ते के काटने से घायल राजेश कुमार ने बताया कि वह ड्यूटी से लौट रहा था। जैसे ही वह अपनी गली में पहुंचा तो कुत्ता 6 साल के लड़के प्रेम पर हमला कर रहा था। उसने बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ते ने उस पर भी हमला कर दिया। दूसरे घायल 57 वर्षीय किशन कुमार ने बताया कि कुत्ता गली में घूम रहा था। उसने सबसे पहले छोटे बच्चे प्रेम पर हमला किया। फिर जब बच्चे को बचाने की कोशिश की गई तो कुत्ता घर में घुस गया और 12 साल की अंशी और 4 साल के ऋषभ को काट लिया।

यह भी पढ़ें-पिटबुल कुत्तों का हमला, 7 साल के बच्चे को बुरी तरह नोचा, होंठ के एक हिस्से को काटकर खाया

जब 23 साल का राजा बच्चों को कुत्ते से बचाने आया तो कुत्ते ने उसे भी नहीं जाने दिया और उस पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गया। राजेश कुमार और किशन ने बताया कि पहले कुत्ते को किसी ने गली में रखा था, लेकिन अब कुछ दिन पहले उसे गली में खुला छोड़ दिया गया। कुत्ता हिंसक हो गया और उन पर हमला कर दिया। सिविल अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर हितेश ने बताया कि कुत्ते के हमले से तीन बच्चे समेत तीन वयस्क बुरी तरह घायल होकर अस्पताल पहुंचे थे। उनकी हालत बेहद गंभीर थी। कुत्ते के काटने के गहरे निशान थे। कुत्ते ने एक का कान खा लिया था, जिसकी हालत बेहद गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को दिल्ली के सफदर जंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)