धार्मिक नगरी रतनपुर में दो महिलाओं का मिला शव, हत्या की आशंका

149

रायपुरः छत्तीसगढ़ के बिलासपुर संभाग अंतर्गत धार्मिक नगरी रतनपुर में शनिवार की सुबह दो महिलाओं का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बाईपास रोड पर यह शव ठीक उसी जगह मिले ,जहां कुछ दिन पहले संदीप कहरा की हत्या हुई थी। परिस्थितियां देखकर यह संभावना जताई जा रही है कि इन महिलाओं की हत्या की गई है। हत्या के बाद दोनों महिलाओं के शव को खैर खुण्डी पहाड़ी के गड्ढे में छिपा दिया गया था।

शनिवार सुबह आसपास के लोगों ने महिलाओं का शव देखा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की है। पुलिस ने महिलाओं के शव की शिनाख्त कर लिया है। पुलिस के मुताबिक एक महिला का नाम शोभा है, जो लाल खदान बिलासपुर की रहने वाली है और दूसरी का नाम अनीता है जो चिंगराज पारा बिलासपुर की रहने वाली हैं।

स्थानीय लोगों की बात पर यकीन करें तो बाईपास रोड निर्माण के साथ यहां बड़ी संख्या में भारी वाहनों की जब से आवाजाही आरंभ हुई है तब से यहां अवैध कोयला, जुआ, सट्टा, अवैध शराब के साथ देह व्यापार भी धंधा खूब फल फूल रहा है। पुलिस को आशंका है कि संदीप कहरा की हत्या भी इसी वजह से हुई होगी।

यह भी पढ़ेंः-पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 42 हजार का ईनामी, 54 स्थाई वांरटी नक्सली गिरफ्तार

पुलिस अभी संदीप कहरा की हत्या की गुत्थी सुलझा भी नहीं पायी थी कि इन दो महिलाओं की लाश मिलने से पुलिस की मुश्किलें और बढ़ गई है। रतनपुर पुलिस के लिए बाईपास रोड पर लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना बड़ी चुनौती है। पुलिस इस अंधे कत्ल को लेकर सुराग तलाशने में जुटी हुई है। मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्कॉट भी बुलाया गया है।