मध्य प्रदेश Featured

कुएं में मिला चार दिन से लापता बच्चे का शव, इलाके में हड़कंप

भोपाल: राजधानी भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र से चार दिन से लापता 10 साल के बच्चे का शव बुधवार को कुएं में मिला। पुलिस का कहना है कि शुरुआती तौर पर यह दुर्घटना का मामला लग रहा है, लेकिन मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पता चलेगा। वहीं, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।

बच्चों संग खेलने निकला था मृतक

जानकारी के मुताबिक, विदिशा का रहने वाला दीपक लोधी भोपाल के मिसरोद गांव में रामलीला मैदान के पास रहता है और राजमिस्त्री का काम करता है। वह घरों में टाइल्स लगाता है। परिवार में पत्नी की एक बेटी और उसका बड़ा 10 वर्षीय बेटा अभय लोधी था। अभय दूसरी कक्षा में पढ़ता था। 17 मार्च को सुबह करीब 11 बजे वह मोहल्ले के बच्चों के साथ खेलने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी जब अभय का कोई पता नहीं चला तो परिवार के लोग रात करीब नौ बजे थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने गुमशुदगी के साथ-साथ बच्चे के अपहरण का भी मामला दर्ज किया। तभी से पुलिस और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।

मजदूरों ने देखा शव

लड़के के घर के पास ही एक खेत है, जिसमें गेहूं की फसल लगी हुई थी। घर से करीब तीन सौ मीटर दूर बिना मुंडेर का एक कुआं है, जो बाहर से दिखाई नहीं देता। बुधवार दोपहर इस खेत में फसल की कटाई चल रही थी। करीब तीन बजे मजदूर फसल काटते हुए कुएं के आसपास पहुंचे। इस दौरान जब कुएं के अंदर देखा गया तो पानी में बच्चे का शव नजर आया। यह भी पढ़ेंः-Pakistan: ग्वादर बंदरगाह पर किया बलूच उग्रवादियों ने हमला, सुरक्षा बलों ने सात को मार गिराया सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला और उसकी पहचान अभय लोधी के रूप में की। शव करीब चार दिन पुराना होने के कारण शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले। उसके कपड़े भी सही सलामत मिले, जिससे पुलिस का अनुमान है कि बच्चा किसी हादसे का शिकार हुआ होगा। मृतक के परिजनों ने बताया कि अभय कभी भी अकेले बाहर नहीं जाता था, इसलिए उन्हें हादसे को लेकर संदेह है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)