सीएम शिंदे को देखने के लिए उमड़ी लोगों की भीड़, चार हजार शिवसैनिकों ने किया भव्य स्वागत

42

cm-shinde-in-ayodhya

अयोध्या: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार एकनाथ शिंदे रामनगरी अयोध्या पहुंचे। वहां पर पहले से मौजूद शिवसैनिकों ने उनका भव्य स्वागत किया। बड़ी संख्या में पहुंचे शिवसैनिकों ने उनके अयोध्या की धरती पर उतरते ही जय श्रीराम के नारे लगाए।

रविवार को राम कथा पार्क स्थित हेलीपैड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने समर्थकों के साथ रोड शो करते हुए श्रीराम जन्मभूमि में भगवान श्रीराम लला का दर्शन करने पहुंचे। रामजन्मभूमि में उन्होंने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चम्पत राय, सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा के साथ दोपहर की आरती पूजन किया। इस दौरान उनके साथ महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित मंत्रिमंडल के कई मंत्री शामिल रहे।

रामचन्द्र दास परमहंस की समाधी पर किया नमन –

मुख्यमंत्री शिंदे ने हेलिकॉप्टर से उतरने के बाद सरयू तट पर स्थित राम मंदिर आंदोलन के श्लाका पुरूष महंत रामचन्द्र दास परमहंस की समाधी को नमन करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किया। उसके बाद शिव सैनिकों के साथ राम मंदिर पूजन के लिये निकले।

दो स्पेशल ट्रेन से पहुंचे तकरीबन चार हजार शिव सैनिक –

शनिवार को स्पेशल ट्रेन से तकरीबन चार हजार शिव सैनिक अयोध्या पहुंचे। पहली ट्रेन 11: 30 बजे और उसके एक घंटे बाद अयोध्या धाम स्टेशन पहुंची। स्टेशन पर उतरते ही शिवसैनिकों के जय श्रीराम के जयकारे से अयोध्या गुंजायमान हो गई। ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचे शिवसैनिकों में साफ अपने नेता के स्वागत का भाव नजर आ रहा था। रविवार को जैसे ही शिंदे का हेलीकाप्टर अयोध्या पहुंचा शिवसैनिकों ने जय श्रीराम के नारे लगाने शुरू कर दिए।

शिवसैनिकों व पदाधिकारी के साथ किया रोड शो –

मुख्यमंत्री शिंदे रामकथा पार्क से खुली जिप्सी में लोगों का अभिवादन करते हुए रामलला का दर्शन करने पहुंचे। उन्हें देखने के लिए हर वर्ग के लोग पहुंचे। शिवसैनिकों और भारी सुरक्षा के बीच चल रहे शिंदे को देखने के लिए लोग अपनी छत पर आ गए। हर कोई यह नजारा मोबाइल में कैद करता दिखा।

ये भी पढ़ें..सीएम एकनाथ शिंदे ने किए श्रीरामलला के दर्शन, श्रीराम के जयकारों से गूंजा परिसर

जिप्सी के साथ निकला 20 गाड़ियों का काफिला –

मुख्यमंत्री शिंदे के रोड शो के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहे। शिंदे समेत महाराष्ट्र के तमाम मंत्रियों व शिवसेना के पदाधिकारियों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने भी अफसरों की फौज उतार दी। शिंदे के जिप्सी के आगे पीछे मिलाकर 20 गाड़ियों का काफिला चल रहा था। मुख्यमंत्री शिंदे के कार्यक्रम को लेकर रामनगरी सुरक्षा के पुख्ता प्रतिबंध किया गया। सामान्य गाड़ियों को प्रतिबंधित किया गया था। केवल शिव सैनिकों की गाड़ियों को ही राम नगरी में प्रवेश दिया गया।

लक्ष्मण किला के मैदान में संतो का लेंगे आशीर्वाद –

मुख्यमंत्री शिंदे लक्ष्मण किला के मैदान में संतों का आशीर्वाद लेंगे। इसके लिये भव्य तैयारी की गयी है। राम नगरी के सभी प्रमुख संत महंतों को आमंत्रित किया गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)