मध्य प्रदेश Featured

MP में नवरात्रि के पहले दिन देवालयों में उमड़ी भीड़, राज्यपाल व CM ने दी शुभकामनाएं

भोपाल: मध्य प्रदेश के देवालयों में सेामवार को नवरात्रि पर्व के पहले दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। सभी ने अपनी आराध्य की पूजा अर्चना कर मनोकामना की पूर्ति की कामना की। साथ ही जगह-जगह देवी प्रतिमाओं की स्थापना का दौर शुरू हो गया। राज्य के राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशवासियों को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दी है। राज्य के देवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगने लगा।

हर तरफ देवी गीतों की गूंज सुनाई देती रही तो भजन-कीर्तन का दौर शुरू हो गया। राज्य के प्रमुख देवी स्थलों पर भारी भीड़ नजर आए तो सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। दतिया जिले की पीतांबरा शक्तिपीठ में देश के विभिन्न स्थानों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे नवरात्रि में यही रुककर धार्मिक अनुष्ठान करते हैं। इसी तरह मैहर की शारदा माता के मंदिर में भी सुबह से ही सैकड़ों श्रद्धालुओं की कतारें लगी रही, तो वहीं मंदिर तक पहुंचने के लिए बनाई गई सीढ़ियों पर हजारों श्रद्धालुओं का रेला नजर आया। इसके अलावा यहां नीचे से मंदिर तक पहुंचने के लिए रोपवे भी बनाया गया है। जिसके जरिए भी श्रद्धालु मंदिर तक पहुंचते हैं।

ये भी पढ़ें-अफसर के झूठ बोलने पर CM शिवराज ने लगाई क्लास, बोले-विकास...

एक तरफ जहां देवी मंदिरों में भारी भीड़ है तो वहीं जगह-जगह देवी प्रतिमाएं स्थापित करने का दौर चल रहा है। इस मौके पर विषेष पूजा पाठ का क्रम जारी है। राज्यपाल पटेल ने नवरात्रि पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से नवरात्रि पर्व शांति, एकता और पारम्परिक सदभाव के साथ मनाने की अपील की है। राज्यपाल पटेल ने संदेश में कहा है कि मां दुर्गा आदि शक्ति, प्रकृति प्रधान, गुणवती माया, बुद्धितत्व की जननी तथा विकार को दूर करने वाली हैं। मां दुर्गा अंधकार और अज्ञानता रूपी राक्षसों से रक्षा करने वाली तथा कल्याणकारी हैं। मां दुर्गा सभी प्रकार की सिद्धियां देने वाली हैं। सबका कल्याण करने वाली है।

राज्य के मुख्यमंत्री चौहान ने आदिशक्ति के आराधना पर्व नवरात्रि की प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि, मां दुर्गा की आराधना, भक्ति और शक्ति की पूजा का पर्व है। उन्होंने मां दुर्गा से समस्त प्रदेशवासियों के कष्ट दूर करने, प्रदेश में सुख-समृद्धि लाने की कामना की है। मुख्यमंत्री चौहान ने नागरिकों से नवरात्रि का पर्व परम्परानुसार श्रद्धा और संयम के साथ उत्साहपूर्वक मनाने की अपील की है।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें