मणिपुर महिला क्रूरता मामले में कोर्ट ने 4 आरोपियों को 11 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा

8

इंफाल: मणिपुर के थौबल जिले की एक स्थानीय अदालत ने 4 मई को कांगपोकपी जिले में निर्वस्त्र कर महिलाओं की परेड मामले में गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों को शुक्रवार को 11 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया।

अधिकारियों के मुताबिक, थौबल में प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट ने मामले के जांच अधिकारी की याचिका पर चारों को 31 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। हिरासत में लिए गए सभी आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश किया गया।

इस बीच, शुक्रवार को गुस्साई भीड़ ने थौबल के वांगजिंग इलाके में फरार संदिग्ध 20 वर्षीय एल कबिचंद्र के घर में आग लगा दी। पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि महिलाओं की भीड़ ने गुरुवार देर शाम थौबल जिले के याइरीपोक गांव में मुख्य आरोपी हुइरेम हेरोदास सिंह (मैतेई) के घर में आग लगा दी।

यह भी पढ़ें-ममता बनर्जी बोलीं, मैं चुनौती स्वीकार करने वाली महिला, 2024 में न्यू इंडिया का जन्म होगा

मणिपुर पुलिस ने कहा कि महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने के चौंकाने वाले मामले में हुइरेम हेरोदास सिंह समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने मीडिया को बताया कि गिरफ्तार लोगों से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा पूछताछ की जा रही है और इस स्तर पर विवरण नहीं दिया जा सकता है। मणिपुर पुलिस ने ट्वीट किया शेष दोषियों को राज पुलिस जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की के लिए हर संभव प्रयास कर रही है इसके लिए छापेमारी जारी है।

इस बीच मणिपुर के पुलिस महानिदेशक राजीव सिंह ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि पीड़ित महिलाएं अब सुरक्षित हैं। एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि दोषियों को पकड़ने के लिए मणिपुर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों द्वारा विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान जारी है।