Congress ने कहा- सरकारी खजाना लुटाने के बाद भी रिवाज नहीं बदल पाए जयराम ठाकुर

29
congress-said-jairam-thakur-could-not-change-the-tradition-looting

शिमला: प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधायक चंद्रशेखर (State Congress Working President, MLA Chandrashekhar) ने कहा है कि मौजूदा कांग्रेस सरकार को सरकारी खजाने को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से मार्गदर्शन की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए जयराम ठाकुर ने राजनीतिक लाभ के लिए सरकारी खजाने को लूटा, लेकिन फिर भी न तो रीति बदली और न ही भारतीय जनता पार्टी का मिशन रिपीट पूरा हो सका।

तर्कसंगत बनाई जा रहीं योजनाएं

चंद्रशेखर ने शनिवार को एक बयान में कहा कि कांग्रेस सरकार गरीब और पात्र व्यक्तियों को सब्सिडी का लाभ देने की पक्षधर है, इसलिए सब्सिडी को बंद नहीं, बल्कि तर्कसंगत बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संपन्न लोगों को सब्सिडी का लाभ नहीं मिलना चाहिए, जबकि गरीब परिवारों को सब्सिडी मिलनी चाहिए और यही कांग्रेस सरकार कर रही है। लेकिन पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में राजनीतिक लाभ के लिए प्रदेश के संसाधनों को लूटने की रीति शुरू हुई।

सरकारी खजाने का हुआ दुरुपयोग

2022 के विधानसभा चुनाव जीतने की नीयत से जयराम ठाकुर ने अपने कार्यकाल के आखिरी छह महीनों में मुफ्त बिजली और मुफ्त पानी जैसी योजनाएं शुरू कीं और सरकारी खजाने का दुरुपयोग किया। इससे प्रदेश के संसाधनों पर बोझ पड़ा और प्रदेश की आर्थिक स्थिति खराब हो गई। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि जय राम ठाकुर को सरकारी कर्मचारियों का हितैषी नहीं बनना चाहिए, क्योंकि करोड़ों रुपये का कर्ज लेने के बावजूद उन्होंने अपने पांच साल के कार्यकाल में कर्मचारियों को वित्तीय लाभ से वंचित रखा।

यह भी पढ़ेंः-Deputy CM अरुण साव कहा- क्या जम्मू कश्मीर में दो झंडे चाहती है कांग्रेस

पूर्व सरकार ने सरकारी कर्मचारियों की 10 हजार करोड़ रुपये की देनदारियों का बोझ वर्तमान कांग्रेस सरकार पर छोड़ दिया। इसके अलावा प्रदेश को 75 हजार करोड़ रुपये का कर्ज भी विरासत में मिला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खराब वित्तीय स्थिति के बावजूद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में वर्तमान कांग्रेस सरकार ने पुरानी पेंशन योजना को बहाल कर सरकारी कर्मचारियों के बुढ़ापे को सुरक्षित किया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)