राहुल गांधी की यात्रा से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, बीजेपी में शामिल हुए ये दो दिग्गज नेता

0
4

गांधीनगरः कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के गुजरात पहुंचने से पहले वहां पार्टी को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया और प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अंबरीश डेर मंगलवार को बीजेपी (BJP) में शामिल हो गए। दोनों नेताओं ने गांधीनगर स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यालय कमलम में पार्टी की सदस्यता ली। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने दोनों नेताओं का पार्टी में स्वागत किया।

सभी पदों से दिया इस्तीफा

मोढवाडिया ने सोमवार को विधानसभा की सदस्यता सहित कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। वरिष्ठ नेता अंबरीश डेर ने भी कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को लगातार झटके पर झटके लग रहे हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की गुजरात में एंट्री से ठीक पहले दो बड़े नेताओं का पार्टी से जाना कांग्रेस के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है। कांग्रेस राज्य में 24 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि उसने दो सीटें आम आदमी पार्टी के लिए छोड़ी हैं।

दिग्गज नेता अर्जुन मोढवाडिया ने 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर पोरबंदर से जीत हासिल की। कहा जा रहा है कि उनके पार्टी छोड़ने से गुजरात कांग्रेस को बड़ा नुकसान होगा। मोढवाडिया मेहर समुदाय के नेता हैं जो मछुआरा समुदाय, कोली, दलित और ओबीसी समुदाय का मजबूत आधार है।

दोनों नेताओं का था बड़ा कद

मोढवाडिया ने 1982 में मोरबी इंजीनियरिंग कॉलेज से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। 10 वर्षों तक मैरीटाइम बोर्ड में सहायक अभियंता के रूप में काम किया। 1993 में सार्वजनिक सेवा के लिए अपनी नौकरी छोड़ दी। 1997 में कांग्रेस में शामिल हो गए और 2002 में पहली बार पोरबंदर सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े और जीत हासिल की। 2004 से 2007 तक वह गुजरात विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे। साल 2007 में वह पोरबंदर सीट से जीतकर दोबारा विधायक बने। साल 2011 में उन्हें कांग्रेस के गुजरात प्रदेश का अध्यक्ष बनाया गया।

यह भी पढ़ेंः-Yogi Cabinet: NCR की तर्ज पर होगा लखनऊ का विकास, मुफ्त बिजली का वादा पूरा

इसी तरह अंबरीश डेर भी सौराष्ट्र में अहीर समुदाय के बड़े नेताओं में से एक हैं। उनका नाम कांग्रेस के युवा और दिग्गज नेताओं में शुमार है। वह साल 2017 में कांग्रेस के टिकट पर राजुला विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधायक बने। साल 2022 में चुनाव हार गए थे। डेर को प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन लोकसभा चुनाव के ऐन वक्त पर वह कांग्रेस से अलग हो गए। इससे पहले उन्होंने साल 2002 में समाजवादी पार्टी से नगर निगम का चुनाव लड़ा था। वह कुछ समय तक बहुजन समाज पार्टी से भी जुड़े रहे थे। कुछ समय के लिए वह बीजेपी में भी शामिल हुए, लेकिन 2007 में वह कांग्रेस में शामिल हो गये।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)