भारत जोड़ो के बाद अब कांग्रेस अध्यक्ष शुरू करेंगे हाथ से हाथ जोड़ो अभियान

0
42

congress-party-conflict-in-maharashtra

 

रांचीः अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शनिवार को झारखंड आ रहे हैं। वे सुबह 10 बजे दुमका पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पर जाएंगे। खड़गे साहिबगंज के गुमानी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत करेंगे। इस अभियान की शुरुआत के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर जिला स्तर तक के पदाधिकारी भाग लेंगे। गुमानी मैदान के मंत्री आलमगीर आलम ने भी जायजा लिया है। कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के अलावा कांग्रेस के सभी मंत्री, विधायक और झारखंड के जिलाध्यक्ष मौजूद रहेंगे।

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रणव झा ने कहा कि 26 जनवरी से कई राज्यों में कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू हो गया है। झारखंड में 11 फरवरी से इसकी शुरुआत की जाएगी। साहिबगंज के बरहरवा से इस अभियान की शुरुआत करने पर उन्होंने कहा कि ज्यादातर योजनाएं राजधानी से शुरू होती हैं लेकिन दुमका राज्य की उपराजधानी भी है। इसलिए यहां से कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी और राहुल गांधी का संदेश पूरे देश में ले जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने कन्या कुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा की है। इसके जरिए कांग्रेस ने 2024 के लोक सभा चुनाव की तैयारियों को भी परखने का काम किया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)