कांग्रेस ने कभी नहीं की जनजातियों के विकास की चिंताः शिवराज

26

भोपालः भाजपा ने देश के सर्वोच्च पद के लिए एक जनजातीय बहन को चुना है। अब जनजातीय समाज की बहन द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बनकर देश का नेतृत्व करेंगी। यह काम सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। इसके लिए हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं। कांग्रेस ने आजादी के 75 वर्षों तक कभी जनजातीय क्षेत्रों और जनजातीय भाई-बहनों के विकास की चिंता नहीं की। अगर किसी ने इनके विकास की कल्पना की है, तो वे भाजपा की सरकारें हैं। अगर गलती से भी कांग्रेस आ गई, तो विकास रुक जाएगा। इसलिए भाजपा के प्रत्याशियों को जिताएं। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को शहडोल के धनपुरी और सीधी में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मौजूद रहे।

भाजपा ने यहां जितने काम किए, कांग्रेस ने कभी नहीं किए

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं जनता की जिंदगी बदलने का संदेश लेकर यहां आया हूं। शहडोल जिले में आए बिना मेरा अभियान पूरा नहीं हो सकता, क्योंकि शहडोल को संभाग बनाने का काम हमने किया है। शहडोल में मेडिकल कॉलेज भी खोला। यूनिवर्सिटी, इंजीनियरिंग कॉलेज सहित कई काम भाजपा ने किए हैं। इस क्षेत्र में भाजपा की सरकार ने जितने काम किए हैं, कांग्रेस ने कभी नहीं किए। उनके जमाने की सड़कों के बारे में सोचकर भी डर लगता है।

हम धनपुरी, बटोहू को आदर्श शहर बनाएंगे

उन्होंने कहा कि मैं इस क्षेत्र की जनता से यह कहने आया हूं कि चिंता बिल्कुल मत करना। कांग्रेस के कमलनाथ 15 महीने के लिए आए थे और हमेशा रोते रहते थे। कहते थे हमारे पास पैसा नहीं है, मामा खजाना खाली कर गया। लेकिन मैं कहता हूं क्षेत्र के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है। धनपुरी में मुख्यमंत्री शहरी पेयजल योजना में 18 करोड़ 18 लाख रूपए दिए। घर घर पानी पहुंचाने के लिए काम करने की आवश्यकता है। अमृत-2 योजना में 11 करोड़ रूपए और दिए जाएंगे। रानी अवंतीबाई स्टेडियम, सामुदायिक भवन, तालाबों का सौंदर्यीकरण, मुख्यमंत्री अधोसंरचना के तहत कई काम किए हैं। हम धनपुरी के साथ बटोहू को भी आदर्श और विकसित शहर बनाएंगे।

सीधी के विकास में कोई कमी नहीं रहने देंगे

मुख्यमंत्री ने सीधी की जनसभा में कहा कि आज सीधी मिनी स्मार्ट सिटी है, सीधी के विकास के लिए मेरे पास धन की कोई कमी नहीं है। मोहनिया गूढ़ पहाड़ में सुरंग का काम अंतिम चरण में है, इससे रीवा और सीधी की दूरी 20 किमी कम हो जायेगी। जिला चिकित्सालय के 75 बिस्तर को 300 बिस्तर का कर दिया गया है। हम स्कूल, कॉलेज, पुल, रोड, अस्पताल और सुरंग बनाएंगे। पीने का पानी लाएंगे, लेकिन हम इसके साथ-साथ जनता की जिंदगी भी बनाएंगे। विकास सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। विकास की यह गंगा निकाय स्तर पर भी बहती रहे, इसके लिए भाजपा के प्रत्याशियों को बहुमत से जिताइये।

जिन्होंने गरीबों का हक छीना, उन्हें क्यों वोट दे जनता

उन्होंने कहा कि कमलनाथ ने अधिकारी, कर्मचारियों को धमकाते हुए कहा था कि मैं देख लूंगा। रस्सी जल गयी, लेकिन बल नहीं गया। अरे कमलनाथ, तुम क्या देखोंगे। जनता ने तुमको ही देख लिया है। यह वही कमलनाथ हैं, जिन्होंने गरीबों के हित की पूरी योजनाएं बंद कर दी थीं। कमलनाथ ने संबल योजना बंद करके महिलाओं से उनके लड्डू तक छीन लिए। आखिर जनता तुम्हे वोट क्यों दे? उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सभी योजनाएं फिर से प्रारंभ कर दी हैं। कमलनाथ सरकार ने जितने भी गरीबों के नाम संबल योजना में काटे थे, उन सभी को जोड़ना है।

गलती से भी कांग्रेस आ गई, तो विकास रुक जाएगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों को केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार मुफ्त में राशन देती हैं, कभी कांग्रेस की सरकारों ने दिया था? जिन गरीबों के पास रहने के लिए जमीन नहीं है उनको सरकार जमीन देकर मालिक बनायेगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों का मकान भी बनवाया जायेगा। ताकि गरीब के बेटा बेटी भी बरसात में चैन की सांस ले सकें। आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक मुफ्त में गरीबों का इलाज हो रहा है। यह सभी काम भाजपा के अलावा कोई और नहीं कर सकता है। अगर गलती से भी कांग्रेस आ गयी तो सभी योजनाएं और विकास बंद हो जायेगा। मैं सभी से अपील करता हूं कि कमल के फूल की बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशियों को जिताएं।

गरीबों का जीवन बदल रही हैं भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि शहडोल में किसी ने विकास की एक ईंट भी लगाई है, तो वह मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा की सरकार ने लगाई है। लोगों ने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि शहडोल में विश्वविद्यालय बनेगा, अब जनजातीय क्षेत्रों के बेटे बेटियों को इंजीनियरिंग और मेडिकल की पढ़ाई के लिए बड़े शहरों में जाने की जरूरत नहीं है, वह शहडोल में ही पढ़ाई कर सकते हैं। सड़क, बिजली और पानी जैसी अन्य आवश्यकताओं को भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने पूरा किया है। हमें गर्व है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकारों ने गरीबों का जीवन बदलने का काम किया है। पार्टी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर यह बात लोगों को बतानी होगी।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…