उत्तराखंड में मदन कौशिक को सौंपी गयी भाजपा प्रदेश इकाई की कमान

0
48

उत्तराखंडः उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वंशीधर भगत के मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावना के मद्देनजर शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को मदन कौशिक को नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह जानकारी राष्ट्रीय महासचिव अरुण कुमार सिंह की ओर से जारी पत्र में दी गई है।

माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की कैबिनेट में वंशीधर भगत, बिशन सिंह चुफाल और गणेश जोशी को स्थान मिल सकता है। संभावित मंत्रियों में सुरेश राठौर का नाम भी शामिल है। इसी के मद्देनजर उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन करते हुए मदन कौशिक को राज्य इकाई की कमान सौंपी है।

यह भी पढ़ेंःमहिला क्रिकेट : पूनम का अर्धशतक, भारत ने द. अफ्रीका को…

कौशिक ने इससे पहले यहां भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, संगठन महासचिव बीएल संतोष और पर्यवेक्षक दुष्यंत गौतम से मुलाकात की। कौशिक पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के मंत्रिमंडल में शहरी विकास मंत्री रहे हैं। उल्लेखनीय है कि भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने त्रिवेंद्र सिंह रावत के स्थान पर पौड़ी गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत को सूबे का नया मुख्यमंत्री बनाया है। अब चुनावी वर्ष में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष पद पर भी बदलाव कर संगठन को नया चेहरा प्रदान किया है।