प्रदेश उत्तर प्रदेश

सर्द हवाओं ने गिराया तापमान, इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

weather
weather

कानपुर: पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से फिर से पछुआ हवाएं चलने लगी हैं और सर्द हवाओं से तापमान गिर गया। गुरुवार को जहां अधिकतमत और न्यूनतम तापमान 23 और 13 डिग्री सेल्सियस रहा तो वहीं शुक्रवार को क्रमश: 20 और 12 डिग्री सेल्सियस हो गया। मौसम विभाग का कहना है कि सर्दी बढ़ेगी और बारिश की भी संभावना बनी हुई है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पंजाब और इससे जुड़े क्षेत्रों पर बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा पंजाब से होते हुए हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश होते हुए विदर्भ तक जा रही है।

एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के 28 जनवरी तक पश्चिमी हिमालय तक पहुंचने की संभावना है। पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और इससे सटे दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी पर औसत समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव में 27 जनवरी के आसपास बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्व और इससे सटे पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की उम्मीद है। यह पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा।

ये भी पढ़ें..झारखंड में मौसम ने ली करवट, दिन में छूट रहे पसीने तो रात में सता रही ठंड

अगले 24 घंटों के दौरान 29 जनवरी को जम्मू कश्मीर गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात की उम्मीद है। अगले 24 घंटों तक राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति जारी रहने और उसके बाद कम होने की उम्मीद है। बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 20.8 और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 95 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 67 प्रतिशत रही। 29 से 30 जनवरी के मध्य बादल छाए रहने के कारण स्थानीय स्तर पर गरज-चमक, तेज हवाओं एवं ओलावृष्टि के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कानपुर मण्डल में 30 जनवरी को हल्की बारिश की संभावना है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)