सीएम योगी ने दूषित पानी से बीमार लोगों का लिया संज्ञान, कहा-दोषियों के खिलाफ हो कार्रवाई

0
41

लखनऊः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को दूषित जल पीने से बीमार हुए लोगों का संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कतिपय जनपदों में सीवर से जुड़े कार्यों में कुप्रबंधन की स्थिति देखने को मिली है। कहीं सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़क निर्माण व मरम्मत नहीं किया गया तो कहीं पीने के पानी में सीवर का गंदा पानी आने की शिकायत है। सटीक प्लानिंग के अभाव में लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। लखनऊ में ऐसा ही प्रकरण देखने में आया है। दूषित जल के कारण लोगों के बीमार होने की जानकारी मिली है। यह स्थिति कतई ठीक नहीं है। ऐसे सभी प्रकरणों का संज्ञान लेते हुए न केवल समस्या निस्तारित कराई जाए, बल्कि जवाबदेही तय करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। नगर विकास विभाग द्वारा इस संबंध में तत्काल कार्यवाही कराई जाए। मुख्यमंत्री योगी को अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में हुई 2 लाख 48 हजार 631 सैम्पल की टेस्टिंग हुई। इस टेस्टिंग में 54 जिलों में संक्रमण का एक भी नया केस नहीं मिला। वहीं 21 जनपद कुल 43 नए संक्रमित पाए गए, जबकि 71 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए।

टीम-09 के साथ प्रदेश में कोरोना की स्थिति पर गुरुवार को चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महराजगंज एक मात्र जिला है, जहां दोहरे अंक में संक्रमितों की पुष्टि हुई है। यहां 10 नए संक्रमित पाए गए हैं। सभी संक्रमित एक ही क्षेत्र के निवासी हैं। यह क्षेत्र गोरखपुर-महराजगंज की सीमा से लगा हुआ है। प्रारंभिक जांच में गोरखपुर आवागमन के अतिरिक्त इनकी कोई विशेष ट्रैवेल हिस्ट्री भी नहीं पाई गई है। उन्होंने बताया कि आज ही इस क्षेत्र में विशेष टीम भेजकर गहन कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग कराई जाए। इनके सैम्पल कलेक्ट कर लखनऊ में जीनोम सिक्वेंसिंग कराई जाए। गोरखपुर और महराजगंज जनपदों में विशेष सतर्कता बरती जाए। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम अलर्ट मोड में रहे। उन्होंने बताया कि गुरुवार को कुल एक्टिव केस की संख्या 500 से भी कम हो गई है। जनपद अलीगढ़, अमेठी, चित्रकूट, एटा, फिरोजाबाद, गोंडा, हाथरस, कासगंज, पीलीभीत, सहारनपुर, शामली और सोनभद्र में कोविड का एक भी मरीज शेष नहीं है। यह जनपद आज कोविड संक्रमण से मुक्त हैं। औसतन हर दिन ढाई लाख से अधिक टेस्ट हो रहें हैं, जबकि पॉजिटिविटी दर 0.01 बनी हुई है और रिकवरी दर 98.6 फीसदी है। यह स्थिति संतोषप्रद है।

यह भी पढ़ें-राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू करने वाला पहला राज्य बनेगा मध्य…

उन्होंने कहा कि कोविड से बचाव में टीकाकरण बहुत सहायक सिद्ध हो रहा है। प्रदेश में तेज टीकाकरण की नीति अपनाई गई है। प्रदेश में अब तक 5 करोड़ 55 लाख से अधिक वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी है। 4 करोड़ 68 लाख 24 हजार से अधिक लोगों ने वैक्सीन की एक डोज प्राप्त कर ली है। जबकि 87 लाख से अधिक लोग कोविड टीके की दोनों डोज प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कतिपय जनपद बाढ़ व अतिवृष्टि से प्रभावित है। विगत दिनों में मैंने इटावा, औरैया, जालौन आदि जिलों की स्थिति का निरीक्षण किया है। प्रभारी मंत्रीगण भी अपने संबंधित जिलों की स्थिति पर नजर रखें। नदियों के जलस्तर की सतत मॉनीटरिंग की जाए।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)