मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे सीएम योगी, पीएम के भी पहुंचने की संभावना

0
46

लखनऊः समाजवादी पार्टी के संस्थापक और संरक्षक मुलायम सिंह यादव का लम्बी बीमारी के बाद गुरूग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गयी। हर तरफ से शोक संवेदनाओं का दौर शुरू हो गया। इस बीच अब उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो गयी है। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार उनके पैतृक आवास सैफई में मंगलवार दोपहर 3 बजे होगा। सैफई में भी अंतिम संस्कार की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत उनके परिजन नेताजी का पार्थिक शरीर लेकर सैफई पहुंच गये हैं। नेताजी के अंतिम दर्शन को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बिहार के सीएम नीतीश कुमार समेत कई वरिष्ठ नेता मंगलवार को सैफई पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी सैफई पहुंचने की संभावना है।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं स्वयं मुलायम सिंह यादव के पैतृक निवास स्थान सैफई जाकर उन्हें उत्तर प्रदेश शासन एवं प्रदेश की जनता की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करूंगा। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। वे हमारी स्मृतियों में सदैव जीवंत रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव जुझारू, संघर्षशील और समाजवादी विचारधारा से जुड़े एक महत्वपूर्ण स्तंभ थे। वे संघर्षों से तपे-बढ़े और प्रदेश की राजनीति के पांच दशक तक केंद्र बिंदु रहे। उन्होंने देश और प्रदेश की राजनीति में लंबे समय तक महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया।

ये भी पढ़ें..‘नेताजी’ के निधन पर नीतीश, लालू समेत कई नेताओं ने जताया…

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने तीन बार मुख्यमंत्री के रूप में उत्तर प्रदेश को अपना नेतृत्व प्रदान किया। उन्होंने देश की संसद में 7 बार प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था। देश के रक्षा मंत्री के रूप में भी उनकी सेवाएं उल्लेखनीय रहीं।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…