पीएम के 9 साल के कार्यकाल में पूरे विश्व में बढ़ी भारत की प्रतिष्ठा, ’टिफिन पे चर्चा’ कार्यक्रम में बोले CM योगी

0
141

tiffin-par-charcha-cm-yogi-adityanath

गोरखपुरः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नौ साल के कार्यकाल में भारत की प्रतिष्ठा पूरे विश्व में स्थापित हुई है। यह प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और देश हित में कड़ी मेहनत का परिणाम है। हालत यह है कि अब संकट की घड़ी में दुनिया भारत और पीएम मोदी की तरफ उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। मुख्यमंत्री योगी रविवार को मोदी सरकार के कार्यकाल के 09 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे महासंपर्क महाभियान के तहत गोरखपुर शहर विधानसभा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। सीएम योगी ने ’टिफिन पे चर्चा’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जब हम खुद अपनी बात और उपलब्धि बताते हैं तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। लेकिन, जब दुनिया हमारी उपलब्धियों को स्वीकार करती है और उनका सम्मान करती है, तो यह एक वास्तविक सम्मान है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कई सकारात्मक परिवर्तन हुए हैं। ये देश ही नहीं पूरी दुनिया देख रही है।

वैश्विक पटल पर भारत का मान बढ़ाया

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2014 से पहले भारत के नागरिकों, प्रवासियों, भारतीयों को वह सम्मान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे। उनके 09 साल के कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। पीएम मोदी के तीन देशों के दौरे के अभूतपूर्व पलों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और प्रधानमंत्री के प्रति बढ़ते आकर्षण पर भारतीय को गर्व है। प्रोटोकॉल तोड़ते हुए पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री ने सूर्यास्त के बाद न सिर्फ पीएम की अगवानी की बल्कि उनके पैर छूकर भी उनका अभिवादन किया। फिजी और पापुआ न्यू गिनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने देश के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी को बॉस कहकर देश की शान बढ़ाई तो अमेरिका के राष्ट्रपति उनका ऑटोग्राफ लेने को बेताब थे। यह सब देश के नेतृत्व की ताकत को दर्शाता है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने संकट की हर स्थिति में 140 करोड़ देशवासियों के साथ खड़े होकर सबके दिलों पर राज करने का चमत्कारिक नेतृत्व देकर वैश्विक पटल पर भारत का मान बढ़ाया है।

ये भी पढ़ें..अब नए रूट पर चलेगी पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस, घट जाएगी…

उग्रवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद पर अंकुश लगा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सीमा सुरक्षा के लिहाज से भी काफी मजबूत हुआ है। आज भारत की सीमाओं की ओर कोई भी टेढ़ी नजर से नहीं देख सकता। सरहदों पर कब्जा करने या आतंकी गतिविधियां करने की हिम्मत नहीं कर सकते। अगर कहीं कोई घटना होती है तो दुनिया के देश सफाई देने लगते हैं. कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने स्वाभिमान और मर्यादा की रक्षा करना सीख लिया है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले कश्मीर में उग्रवाद, उत्तर-पूर्वी राज्यों में अलगाववाद और देश के 12 से 15 राज्यों में नक्सलवाद की समस्या चरम पर थी। आज धारा 370 की समाप्ति के कारण कश्मीर में शांति, सद्भाव और विकास का माहौल है। वहां हुए पंचायत चुनाव में लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और भारतीय जनता पार्टी को भी भारी समर्थन मिला। पहले यह सिर्फ एक कल्पना थी, अब यह हकीकत है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्तमान में पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मणिपुर और असम में भाजपा की सरकार है। नागालैंड और मेघालय में भी बीजेपी के सहयोग से सरकार चल रही है. जबकि पहले नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में परमिट लेना पड़ता था। नक्सल प्रभावित राज्यों में नक्सली घटनाओं पर अंकुश लगा है और वहां विकास की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ी है।

सम्माननीय जीवन का आधार बनी कल्याणकारी योजना

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकास के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन जीने का आधार प्रदान किया है। उनका कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। देश के 80 करोड़ लोगों को कोरोना काल से फ्री आर सुविधा दी जा रही है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)