सीएम योगी बोले-जिस प्रदेश में 2017 में वेतन देने के लिए पैसे नहीं थे आज वहां बन रहा एक्सप्रेस-वे

0
33

लखनऊः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस प्रदेश में 2017 में वेतन देने के लिए पैसे नहीं थे, आज वह प्रदेश एक्सप्रेस-वे बना रहा है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे बन रहा है। किसानों पर गोली नहीं चलाई जा रही है। याद कीजिये भट्ठा परसौल में किसानों पर गोली चलाई गई थी। प्रदेष में एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन रहा है। आज दुनिया का सबसे बड़ी कंपनी एशिया के सबसे बड़े जेवर एयरपोर्ट का निर्माण कर रही है।

सीएम योगी ने युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन सत्र को सम्बोधित करते हुए यह बातें कहीं। यह कार्यक्रम शुक्रवार को इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सबकी यह ऊर्जा भारत की ऊर्जा है। प्रदेश की ऊर्जा है। देश के विकास में आप सहभागी बनें। आपको गौरव की अनुभूति होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आबादी का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश है। इस प्रदेश को देश का हृदय कहा जाता है। धरती की सबसे पवित्र नदी गंगा सबसे अधिक दूरी उत्तर प्रदेश में तय करती है। बाबा विश्वनाथ का धाम, विंध्याचल धाम, राम नगरी, कृष्ण धाम उत्तर प्रदेश में है। इतना कुछ होने के बावजूद पांच साल पहले उत्तर प्रदेश के सामने पहचान की संकट क्यों था? मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि महात्मा बुद्ध ने कहा कि दुख है। इसे हमें स्वीकार करना होगा। इसके बाद निराकरण हो सकता है। आज मुझे लगता है कि यूपी के नौजवान को स्वयं खड़ा होना पड़ेगा। ऊर्जावान युवा प्रदेश की तकदीर बदलने का साहस रखता है। आज यूपी का युवा देश में कहीं भी जाये तो उसे सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। कुछ दलों ने यूपी की स्थिति खराब कर दी थी। यह परिस्थितियां अचानक नहीं आई हैं।

योगी ने कहा कि यह वही उत्तर प्रदेश है जहां पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में लोग पलायन कर रहे थे। आज 50 साल पहले वाली स्थिति आ गयी है। 50 साल पहले वहां बहुसंख्यकों की जितनी आबादी थी फिर से उतनी ही हो गयी है। लोग वापस आकर रहने लगे हैं। अब वह लोग ऐसा नहीं कर सकते। इस सरकार में संभव हो पाया है। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश मात्र साढ़े चार वर्ष के अंदर ही देश की दूसरी अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। केंद्र सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। पहले के उत्तर प्रदेश में कोई निवेश करना नहीं चाहता था। उद्यमी वहीं निवेश करता है, जहां उसकी पूंजी सुरक्षित रहे। हम लोगों ने नीति में बदलाव किया। उप्र ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में 14वें से दूसरे स्थान पर आ गया है। उप्र की प्रति व्यक्ति आय लगभग दो गुनी हो गयी है। अगले छह वर्ष में उप्र देश की नम्बर एक अर्थव्यवस्था बनना है। 2017 से पहले यूपी सबसे निचले पायदान पर रहता था। आज यूपी केंद्र की 40 योजनाओं में पहले नम्बर पर है। पीएम आवास योजनाओं के तहत 42 लाख आवास दे चुके हैं। इससे साफ है कि दो करोड़ लोगों के जीवन में सुधार हुआ है। एक करोड़ 56 लाख को गैस कानेक्शन, लोगों को मुफ्त बिजली कानेक्शन दिया गया। 15 करोड़ लोगों को खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें-प्रिटेंड साड़ी में मलाइका अरोड़ा की अदाओं से फैंस हुए घायल

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले चुनाव में सब दल अपना दावा करेंगे। आपके पास बताने को बहुत कुछ है। सपा-बसपा और भाजपा के एक-कार्यकाल का आंकलन कीजिये। लोगों को बताइये कि इस सरकार ने पिछली दो सरकारों से ज्यादा नौकरी दी है। जितना दोनों सरकारों ने युवाओं के लिए नहीं किया, उससे ज्यादा मौजूदा सरकार के अकेले कार्यकाल में हुआ है। उत्तर प्रदेश के हर युवा को साथ जोड़ना है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)