Home उत्तर प्रदेश CM योगी ने किसानों को दिया तोहफा, कहा-सभी पात्रों को मिलेंगी पीएम...

CM योगी ने किसानों को दिया तोहफा, कहा-सभी पात्रों को मिलेंगी पीएम सम्मान निधि की पिछली किश्तें

cm-yogi-adityanath

लखनऊः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सूबे के किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया है। बुधवार को यहां लोकभवन में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिन किसानों को किसी कारणवश पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिल पाया है, उन्हें पात्र पाए जाने पर पिछली किस्त मिल जाएगी। किसानों के लिए यह एक बड़ी घोषणा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सभी पात्र किसानों को लाभ दिलाने के लिए बुधवार को व्यापक संतृप्ति अभियान शुरू किया है। इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में भारत को बदलते हुए देखा है। देश के एजेंडे में किसान और मजदूर शामिल हैं। किसान और मजदूर जाति या धर्म के नहीं होते। किसान-मजदूरों के नाम पर नारे लगे लेकिन उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ कभी नहीं मिल सका। पहली बार धरती माता की गुणवत्ता का भी पता लगाया गया। अन्नदाता किसान की फसलों का मूल्यांकन किया गया।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पीएम कृषि सिंचाई योजना के तहत 2017 से 2022 तक 22 लाख हेक्टेयर भूमि को अतिरिक्त सिंचाई योजना से जोड़ा गया। आज दलहन और तिलहनी फसलों को भी एमएसपी पर दिया जा रहा है। हमारा अन्नदाता किसान हमेशा चिंतित रहता था। बीज और खाद समय पर नहीं मिलता था। यह हमारे लिए एक चुनौती थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने दिसंबर 2018 में गोरखपुर में किसान सम्मान निधि की घोषणा की थी। उत्तर प्रदेश के दो करोड़ 63 लाख किसान आज इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। आज गांवों में जमीन संबंधी विवाद खत्म हो रहे हैं। पीएम स्वामित्व योजना के तहत गृह वितरण किया जा रहा है। अब तक हमने 56 लाख परिवारों को सुविधाएं दी हैं। आगे इस साल के अंत तक 1.5 करोड़ परिवारों को इसका लाभ दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें..डॉ. संजय कुमार निषाद का बड़ा फैसला, भंग की पार्टी की…

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं। बीसी सखी, ग्राम सचिवालय इसके उदाहरण हैं। कृषि विभाग में आज व्यापक बदलाव हो रहे हैं। इसका लाभ अन्नदाता किसान को मिल रहा है। आज का अभियान 10 जून तक चलेगा। जो शिकायतें आई हैं या प्राप्त होंगी उनका भी तत्काल निराकरण किया जाएगा। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, अपर मुख्य सचिव कृषि देवेश चतुर्वेदी मौजूद रहे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

Exit mobile version