प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

श्रावण मास के प्रथम दिन CM योगी ने रुद्राभिषेक कर की प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना

cm-yogi-rudrabhishek लखनऊः चराचर जगत पर कृपा बरसाने वाले भगवान भोले शंकर के सबसे प्रिय पवित्र श्रावण मास के पहले दिन मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने रुद्राभिषेक और हवन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रूद्राभिषेक का अनुष्ठान पूरा कर देवाधिदेव महादेव से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को श्रावण मास के शुभारम्भ की शुभकामनाएं भी दी हैं। मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर में अपने आवास के प्रथम तल पर स्थित शक्तिपीठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भोलेनाथ को बिल्व पत्र, कमल पुष्प चढ़ाया। दूध, मौसमी फलों के रस और दूध से रुद्राभिषेक किया। मठ के प्रधान पुजारी आचार्य रामानुज त्रिपाठी एवं अन्य आचार्यों एवं पुरोहितगणों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी महामंत्रों द्वारा रुद्राभिषेक का अनुष्ठान संपन्न कराया। रुद्राभिषेक के बाद उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन और आरती की। विधि-विधान से संपन्न अनुष्ठान के बाद मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों के स्वस्थ, सुखी, समृद्ध और शांतिपूर्ण जीवन की कामना की। ये भी पढ़ें..Amarnath Yatra 2023: तीसरे दिन 17 हजार से अधिक तीर्थयात्रियों ने... वहीं मुख्यमंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा कि भगवान भोलेनाथ की आराधना-उपासना को समर्पित, पावन मास श्रावण आज से प्रारम्भ हो रहा है। सभी प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को देवाधिदेव महादेव के पावन श्रावण मास के शुभारम्भ की अनंत शुभकामनाएं ! बाबा भोलेनाथ सबकी मनोकामनाएं पूर्ण करें, यही प्रार्थना है। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अटूट श्रद्धा और समर्पण के प्रतीक कांवड़-यात्रा के पुण्यभागी सभी भक्तों को भी शुभकामनाएं दी हैं। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया कि देवाधिदेव महादेव आप सभी को स्वस्थ रखें। आरोग्यता प्रदान करें एवं सुख, समृद्धि एवं सम्पन्नता का आशीर्वाद दें।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)