प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

सीएम योगी ने किया कोविड कंट्रोल रूम का निरीक्षण, कहा-जनपद में लगाये जाएंगे छह ऑक्सीजन प्लांट

मुजफ्फरनगरः प्रदेश के विभिन्न जनपदों के दौरे पर निकले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण से प्रभावित मरीजों को ऑक्सीजन की समस्या न हो। इसके लिए जनपद में छह आक्सीजन प्लांट लगाए जाएंगे। सीएम योगी ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर का प्रदेश ने पूरी तैयारी के साथ सामना किया। सरकार कोरोना की तीसरी लहर से निपटने की तैयारी में जुटी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के समय हमें धैर्य रखना चाहिए। लोगों का मनोबल बढ़ाने की बजाय कुछ लोग भ्रांति फैलाने में लगे हैं। प्रदेश में एक समय अव्यवस्था की स्थिति बनी थी, लेकिन उस पर पूरी तरह से कंट्रोल कर लिया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने रामपुर गांव का दौरा किया। रेपिड रिस्पांस टीम की सदस्यों से कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह से तैयार है। 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कोविड कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कोविड सेंटरों का निरीक्षण करके व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को हेलीकाॅप्टर से पुलिस लाइन में उतरे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कोविड सेंटरों का निरीक्षण किया और वहां की प्रक्रिया को समझा। मुख्यमंत्री ने कलक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटिड कोविड कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कंट्रोल रूम में मौजूद कर्मचारियों से वहां की व्यवस्था के बारे में जानकारी हासिल की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जिला पंचायत सभागार में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक ली।

यह भी पढ़ेंःपिता के निधन से सुधा चंद्रन हैं बेहद दुखी, बोलीं- आपकी...

मुख्यमंत्री ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री डाॅ. संजीव बालियान, प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, राज्य मंत्री विजय कश्यप, विधायक उमेश मलिक, विधायक विक्रम सैनी, अपर पुलिस महानिदेशक राजीव सब्बरवाल, जिलाधिकारी सेल्वाकुमारी जे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव आदि मौजूद थे।