‘कुशल खिलाड़ी कोटे’ से चयनित 227 आरक्षियों को CM योगी ने दिये नियुक्ति पत्र

27

cm-yogi-adityanath

UP News: लखनऊः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने यहां लोकभवन में शनिवार को ‘कुशल खिलाड़ी कोटे’ में चयनित 227 आरक्षियों को नियुक्ति पत्र दिये। इनमें 137 पुरुष और 90 महिलाएं शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के युवाओं में खेल को लेकर एक अलग ऊर्जा का संचार हुआ है। आज प्रतिभावान खिलाड़ियों को पुलिस बल का हिस्सा बनाया जा रहा है।

सीएम योगी (CM Yogi) ने सभी अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह यूपी की अब तक की सबसे बड़ी नियुक्ति है जिसमें इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों को नौकरी दी गयी है। खिलाड़ी दिव्या काकरन को नायब तहसीलदार के पद पर नियुक्ति दी गयी है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी कोटे से 479 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। 304 पुरुष और 175 महिला खिलाड़ी हैं। इनमें यूपी से 371 खिलाड़ी हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, उत्तराखण्ड, केरल समेत कई अन्य राज्यों के खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इसमें अंतराराष्ट्रीय, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इनमें 227 खिलाड़ियों के वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी हो गयी है। जिन्हें आज नियुक्ति पत्र वितरित किया गया है। इनमें से 137 पुरुष और 90 महिलाएं हैं। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आप सभी उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनने जा रहे हैं। लोग सरकारी नौकरी मिलने के बाद शिथिल पड़ जाते हैं। उनके मन में यह धारणा बन जाती है कि अब तो सरकारी नौकरी मिल ही गयी है। लेकिन यह विचार उचित नहीं है। नौकरी मिलने के बाद ही सभी को अनुशासित रहते हुए कठिन परिश्रम करना चाहिए।

ये भी पढ़ें..Weather update: राज्य में तेज बारिश का कहर जारी, इन जिलों…

उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्ष में खेल गतिविधियां को बढ़ावा दिया गया है। राज्य सरकार ने खेल अवस्थापना के लिए नए प्रयास किये हैं। यूपी में हर ब्लॉक में एक मिनी स्टेडियम और हर जिले में एक स्टेडियम बनवाये जायेंगे। ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम प्रधान और शहरी क्षेत्र में पार्षद निधि से ओपन जिम निर्माण भी होगा। अब तक 65 हजार स्पोर्ट्स किट युवक मंगल दल और महिला मंगल दल को दिये जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश एकमात्र राज्य है जिसने टोक्यो ओलम्पिक और पैरा ओलम्पिक खिलाड़ियों प्रतिभागियों का सम्मान किया। एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भी पुरस्कृत किये गये। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव, अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल, पुलिस महानिदेशक विजय कुमार, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)