बागवानों के लिए जल्द बहाल करें आनी उपमंडल की संपर्क सड़केंः सीएम

9

cm-sukhu-in-aani

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को कुल्लू जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्र आनी (Aani) का दौरा किया और भूस्खलन से क्षतिग्रस्त घरों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से बातचीत की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ है। प्रभावित परिवारों के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आनी में रहने, खाने-पीने और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि अस्थायी शिविर में रहने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सुक्खू ने कहा कि इस मानसून सीजन में अब तक आनी उपमंडल (Aani) में 27 इमारतें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जबकि 87 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके अलावा सरकारी और निजी संपत्ति को भी काफी नुकसान हुआ है।

ये भी पढ़ें..Shimla Weather: शिमला में कई दिन बाद निकली धूप, बाजारों में लौटी रौनक

मुख्यमंत्री ने प्रशासन एवं स्थानीय लोगों से भूस्खलन के कारणों की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित विभागों से कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर इमारतों के गिरने से मलबे को नियंत्रित तरीके से उठवाया जाए और खतरे में पड़ी इमारतों को खाली करवाया जाए। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आनी उपमंडल (Aani) की संपर्क सड़कों को शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए ताकि बागवानों और किसानों को अपनी फसलें मंडियों तक पहुंचाने में कोई दिक्कत न हो।

उन्होंने सब्जी ले जाने वाले छोटे वाहनों को वाया जलोड़ी चलाने के निर्देश दिए ताकि कुल्लू और लाहौल-स्पीति के सब्जी उत्पादक अपने उत्पाद मंडियों तक पहुंचा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के संसाधनों पर हिमाचल की जनता का हक है और इन संसाधनों से आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिए हर संभव प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि इस मानसून में राज्य में काफी नुकसान हुआ है, लेकिन राज्य सरकार हर प्रभावित व्यक्ति को मदद पहुंचाना सुनिश्चित कर रही है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)