बिहार

सीएम नीतीश ने की बाहुबली नेता अनंत सिंह की तारीफ, याद दिलाए पुराने रिश्ते

Bihar-election

मुंगेर: मुंगेर पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पैरोल पर बाहर आये अनंत सिंह की तारीफ की। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए अनंत सिंह की पत्नी की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह जानती हैं कि उनके पति से उनका पुराना रिश्ता है। अनंत सिंह की पत्नी हाल ही में राजद छोड़कर जदयू में शामिल हुई हैं।

चार बार के विधायक है अनंत सिंह

नीतीश कुमार ने कहा कि बीच में कुछ आगे-पीछे होता रहा। अब वे यहां आये हैं। वह जानती है कि उनके पति से हमारा रिश्ता पुराना है। हमारे पिताजी का उनके पिताजी से पुराना रिश्ता था। बीच में दो बार इधर-उधर गया।

मोकामा से चार बार विधायक रहे अनंत सिंह हाल ही में 14 दिन के पैरोल पर जेल से बाहर आये हैं। अनंत सिंह राजद और जदयू दोनों पार्टियों से विधायक रह चुके हैं। 2005 में वह पहली बार जेडीयू के टिकट पर विधायक बने। लेकिन, 2015 में किसी मुद्दे पर असहमति के कारण उनका जेडीयू से मोहभंग हो गया। इसके बाद उन्होंने 2020 का विधानसभा चुनाव राजद के टिकट पर लड़ा।

यह भी पढ़ें-Lok Sabha Elections 2024: राहुल गांधी का नामांकन रद्द करने की मांग वाली याचिका खारिज

नीलम देवी भी जीत चुकी है उपचुनाव

आपको बता दें कि उनकी पत्नी नीलम देवी भी यहां से उपचुनाव में जीत का परचम लहरा चुकी हैं। हाल ही में उनकी पत्नी राजद छोड़कर जेडीयू में शामिल हो गई हैं, जिसका जिक्र खुद सीएम नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में किया है।

वहीं, अनंत सिंह को मिली पैरोल को लेकर बिहार में सियासत तेज हो गई है। अनंत सिंह के पैरोल पर राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने नीतीश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह ऐसी सरकार है जो खुद पैरोल पर है। अब एक व्यक्ति की रिहाई के बारे में क्या कहा जाए, सब जानते हैं कि इस सरकार ने कितने उपकार किए हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)