उत्तर प्रदेश Featured

आजमगढ़ आए सीएम मोहन यादव ने बीजेपी पदाधिकारियों को दिया जीत का मंत्र

आजमगढ़ः मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भाजपा की क्लस्टर बैठक में उत्तर प्रदेश की आजमगढ़, लालगंज, घोसी, बलिया और सलेमपुर लोकसभा सीटों पर चुनावी जीत का मंत्र दिया। समाजवादी पार्टी का गढ़ माने जाने वाले आजमगढ़ जिले के मिरिया स्थित एक निजी स्कूल में आयोजित bjp की क्लस्टर बैठक में पांच लोकसभा क्षेत्रों के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। यह बैठक तीन सत्रों में हुई।

खुद को बताया साधारण कार्यकर्ता

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पत्रकारों को बताया कि भाजपा के अखिल भारतीय प्रवास के तहत आज वह पहली बार उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ प्रवास पर हैं। बैठक में क्लस्टर तीन अलग-अलग सत्रों में पार्टी पदाधिकारियों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि हम लगातार तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। डॉ. यादव ने खुद को पार्टी का साधारण कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अलग-अलग नेताओं का प्रवास तय कर दिया है। उसी की कड़ी में हम आज आज़मगढ़ में मौजूद हैं। लोकसभा प्रभारी, संयोजक से लेकर लोकसभा क्षेत्र के अन्य लोगों को दी गई जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन किया जा रहा है।

तीसरी बार बनेगी मोदी सरकार

उन्होंने कहा कि रामलला की प्रतिष्ठा के बाद जो दृश्य बन रहा है, वह विकास के नये प्रतिमान गढ़ रहा है। देशभर के करीब 100 करोड़ मतदाताओं ने तीसरी बार मोदी सरकार को चुनने का फैसला कर लिया है। देश में तीसरी बार भी भाजपा की सरकार बनेगी। सभी कार्यकर्ता अपनी संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं और लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही सभी कार्यकर्ता अपने उद्देश्यों को पूरा करने में जुट जायेंगे। यह भी पढ़ेंः-दमदार फीचर्स के साथ ऑनर ला रहा Honor Choice smartwatch, इस दिन लॉन्च आजमगढ़ में सपा के आधार वोट बैंक यादव वर्ग को तोड़ने के सवाल पर डॉ. यादव ने कहा कि वह पार्टी के साधारण कार्यकर्ता हैं। पार्टी उन्हें जहां भी भेजेगी, वे जायेंगे। इसी के तहत उन्होंने आज़मगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया है। इससे पहले विमान से एयरपोर्ट पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. यादव और प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी का पार्टी पदाधिकारियों ने स्वागत किया। बैठक में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी मौजूद रहे। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)