Navratri: अहमदाबाद में नवरात्रि की धूम, सीएम ने किया महोत्सव का उद्घाटन

55

अहमदाबाद: राज्यपाल आचार्य देवव्रत की उपस्थिति में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को अहमदाबाद के गुजरात विश्वविद्यालय मैदान में नवरात्रि महोत्सव 2023 (Navratri Mahotsav 2023) का उद्घाटन किया। इस नौ दिवसीय नवरात्रि उत्सव का आयोजन राज्य सरकार के पर्यटन एवं सांस्कृतिक गतिविधि विभाग द्वारा किया गया है। उद्घाटन समारोह में शक्तिरूपेण संस्थिता की थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं महाआरती का आयोजन किया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के गरबा को वैश्विक पहचान दिलाने और गरबा संस्कृति के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को विश्व स्तर पर बढ़ावा देने के लिए 2011 में इस नवरात्रि उत्सव (Navratri Mahotsav 2023) की शुरुआत की थी। नवरात्रि महोत्सव के मुख्य आकर्षण के तहत राज्य स्तरीय गरबा प्रतियोगिता 16 से 23 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6 बजे प्रारंभ होगी। यहां हजारों लोग प्रसिद्ध गरबा गायकों की मधुर आवाज और संगीत वाद्ययंत्रों की लयबद्ध थाप पर गरबा खेलेंगे। इतना ही नहीं इस दौरान रात 11:45 बजे खूबसूरत महाआरती का भी आयोजन किया गया है।

यह भी पढ़ें-Durga Puja: पंडालों में दिखेगी विशेष सजावट, कई रूपों में होंगे मां के दर्शन

क्राफ्ट बाजार, फूड स्टॉल करेंगे आकर्षित

नवरात्रि महोत्सव 2023 (Navratri Mahotsav 2023) में क्राफ्ट बाजार, फूड स्टॉल, आनंद नगरी और बाल नगरी के अलावा, साबरमती आश्रम और अटल ब्रिज, डांडिया द्वार, ‘दीया’ और ‘कलश’ जैसे थीम आधारित द्वार लोगों का ध्यान आकर्षित करेंगे। भारत की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को उजागर करने वाले विभिन्न स्थल और कार्यक्रम जैसे चार वेद, राम मंदिर, मोढेरा सूर्य मंदिर, चंद्रयान, तेजस (स्वदेशी लड़ाकू विमान), प्रसिद्ध खेल खिलाड़ियों, मां आदिशक्ति के नौ स्वरूप, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जैसे विभिन्न थीम आधारित स्थलों की झांकी प्रस्तुति का भी आयोजन किया गया है।

गुजरात के हस्तशिल्प और उसके कारीगरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यक्रम स्थल पर स्टॉल लगाए गए हैं। इससे नागरिकों को गुजरात के अनूठे हस्तशिल्प से परिचित होने का मौका मिलेगा और कारीगरों को अपने उत्पाद बेचने के लिए बेहतर मंच भी मिलेगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)