Featured राजस्थान

CM गहलोत ने दीपावली से पहले कोटा वासियों की दी 643 करोड़ रुपये की सौगात

गहलोत

जयपुरः मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को कोटा में 643.10 करोड़ रुपये की लागत से हुए 21 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उन्होंने दीपावली से पूर्व कोटा निवासियों को ऐतिहासिक उपहार भेंट किया। गहलोत ने समारोह में कहा कि कोटा में विकास के एक नए युग की शुरूआत हुई है। नगर विकास न्यास, कोटा ने अपने वित्तीय प्रबंधन और शहरी विकास के रूप में पूरे देश के सामने एक सशक्त मिसाल पेश की है। आज शहर को जो अनुपम स्वरूप निखर कर आया है, वह ऐतिहासिक और अतुलनीय है।

ये भी पढ़ें..MCA Elections: अमोल काले बने एमसीए के नए अध्यक्ष, संदीप पाटिल 25 वोट से हारे

गहलोत ने कहा कि कोविड-19 की विषम परिस्थितियों के बावजूद योजनाबद्ध तरीके से विकास के अद्भुत कार्य हुए हैं। इससे औद्योगिक और शिक्षा नगर के रूप में पहचान स्थापित करने वाला शहर अब पर्यटन की दृष्टि से भी देश-विदेश में जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ आधुनिकता का समावेश कर निवेश की दृष्टि से भी शहर को आकर्षक बनाया गया है।

मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि शहर के मुख्य मार्गों पर सजावटी रोशनी, चौराहों के हैरिटेज लुक और शहर के प्रवेश मार्गों पर फसाड़ कार्य पूरा होने से रात्रि के समय कोटा आने वाले नागरिकों को शहर का नया स्वरूप दिखेगा। यहां हैरिटेज संरक्षण, कला-संस्कृति, परम्परा, शौर्य, शांति और वास्तुशिल्प का अनूठा उदाहरण पेश किया गया है। पूरे शहर को ट्रैफिक सिग्नल फ्री बनाकर सुगम यातायात प्रबंधन करना और भारी बारिश के बावजूद अंडरपास में जलभराव नहीं होना, एक बड़ी उपलब्धि है।

समारोह में नगरीय विकास, आवासन एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि कोटा के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। शहर वास्तुकला के लिए अपनी पहचान बनाएगा। जल्द ही चंबल रिवर फ्रंट के सौंदर्यकरण का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा, मुख्य सचिव उषा शर्मा, नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव कुंजीलाल मीणा एवं आर्किटेक्ट अनूप बरतरिया ने भी संबोधित किया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)