राजस्थान

गुजरात दौरे पर सीएम गहलोत, चुनाव की तैयारियों पर करेंगे चर्चा

गहलोत

जयपुरः इसी साल नवंबर में गुजरात में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की तैयारियां कांग्रेस पार्टी में तेज हो गई है। गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी रणनीति के साथ साथ दावेदारों के नामों को लेकर भी रायशुमारी का दौर चल रहा है। इसी बीच 17 और 18 अगस्त को गुजरात जाकर चुनावी तैयारियों पर चर्चा कर चुके मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एक बार फिर गुजरात दौरे पर जा रहे हैं। इस बार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल के साथ गुजरात जाएंगे।

ये भी पढ़ें..Asia Cup 2022: भारत-पाकिस्तान मैच के टिकट को लेकर मची होड़, प्रशंसकों ने की ‘दिरहम’ की बौछार

मुख्यमंत्री गहलोत और केसी वेणुगोपाल सोमवार दोपहर 2 बजे हेलीकॉप्टर से गुजरात से रवाना होंगे। जहां पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुजरात पहुंचने के बाद पार्टी के प्रदेश प्रभारी रघु शर्मा राज्यसभा सांसद शक्ति सिंह गोहिल सहित कई अन्य नेताओं के साथ चुनावी तैयारियों पर मंथन करेंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस के संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल सोमवार को जयपुर में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में सुबह 11 बजे आयोजित होने वाली बैठक में शामिल होने के बाद दोपहर दो बजे गुजरात के लिए रवाना होंगे।

गुजरात पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल नेताओं के साथ चुनाव प्रबंधन और चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। साथ ही प्रत्याशियों की रायशुमारी के साथ-साथ कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। गुजरात चुनाव के साथ-साथ 4 सितंबर को दिल्ली में होने वाली राष्ट्रव्यापी रैली और भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों को लेकर भी वेणुगोपाल गुजरात में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे और उनसे अधिक से अधिक भागीदारी निभाने का भी आह्वान करेंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल 23 अगस्त की शाम गुजरात से ही दिल्ली जा सकते हैं। जहां वेणुगोपाल राजस्थान और गुजरात में राष्ट्रव्यापी रैली और भारत जोड़ो यात्रा के संबंध में ली गई बैठकों की जानकारी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को देंगे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 24 अगस्त को दिल्ली से जयपुर लौटेंगे।

गौरतलब है कि गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी आलाकमान ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की देखरेख में ही होंगे। चुनाव प्रबंधन के साथ-साथ अन्य तैयारियों की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कंधों पर ही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 2017 में हुए गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान गुजरात के प्रदेश प्रभारी थे और विधानसभा चुनाव में चुनावी प्रबंधन और रणनीति का कौशल दिखा चुके हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)