दुनिया

China: मंत्रियों के गायब होने का सिलसिला जारी, विदेश मंत्री के बाद अब रक्षा मंत्री लापता

china-minister-missing बीजिंगः चीन में मंत्रियों के गायब होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। विदेश मंत्री किन गांग के बाद अब रक्षा मंत्री ली शांगफू भी गायब हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, चीन के रक्षा मंत्री ली शांगफू को 29 अगस्त 2023 के बाद से नहीं देखा गया है। उन्हें आखिरी बार चीन-अफ्रीका शांति और सुरक्षा फोरम को संबोधित करते देखा गया था। इस बैठक से पहले चीनी रक्षा मंत्री एक सुरक्षा सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए रूस गए थे। चीनी रक्षा मंत्री के नजर नहीं आने पर कई सवाल उठ रहे हैं। जापान में अमेरिकी राजदूत रेहम इमैनुएल ने चीन में बढ़ती राजनीतिक अस्थिरता की ओर ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि चीन के रक्षा मंत्री पिछले दो हफ्ते से नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ’बेरोजगारी’ की इस दौड़ में कौन जीतने वाला है? चीन के युवा या शी जिनपिंग की कैबिनेट? चीन के रक्षा मंत्री ली शांगफू से पहले चीन की शक्तिशाली रॉकेट फोर्स के जनरल भी लापता हो गए थे। ये भी पढ़ें..मॉरीशस के पीएम पहुंचे वाराणसी, एयरपोर्ट से लेकर होटल तक हुआ... वहीं चीन के रक्षा मंत्री के लापता होने पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने देश की सेना में एकता और स्थिरता का आह्वान किया है उन्होंने सेना से युद्ध के लिए तैयार रहने को भी कहा है। मार्च 2023 में ली शांगफू को रक्षा मंत्री नियुक्त किया गया था। इससे पहले चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दो महीने से लापता विदेश मंत्री किन गांग को हटाकर वांग यी को विदेश मंत्री बनाया था। किन गांग को हटाने के बाद शी जिनपिंग ने रॉकेट फोर्स जनरल ली युचाओ और जनरल लियू गुआंगबिन को भी बर्खास्त कर दिया। इन तीनों लोगों की नियुक्ति सीधे शी जिनपिंग की कैबिनेट ने की थी। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)