प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

मुख्यमंत्री योगी करेंगे मिशन शक्ति 4.0 का आगाज, दिए गए ये निर्देश

[caption id="attachment_737229" align="alignnone" width="700"] डेमो पिक[/caption]   लखनऊः शारदीय नवरात्रि से पहले देवी मां को नमन करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह अपने सरकारी आवास से मिशन शक्ति के चौथे चरण का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी महिला सशक्तिकरण रैली को हरी झंडी दिखाएंगे, जो लखनऊ के विभिन्न चौराहों से होते हुए 1090 चौराहा पर समाप्त होगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी इस मौके पर लोक भवन में आयोजित मिशन शक्ति कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद तीन महिला हस्तियों के साथ 25 अन्य महिलाओं को सम्मानित करेंगे। इस दौरान प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

1090 चौराहे पर समाप्त होगी रैली

महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की पुलिस अधीक्षक रुचित चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह 10.30 बजे अपने सरकारी आवास से महिला सशक्तिकरण रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। यह रैली 05 कालिदास मार्ग से प्रारंभ होकर ऊदा देवी चौराहा, क्लार्क अवध, केजीएमयू चौराहा, कोनेश्चर मंदिर, आई चौराहा, पॉलिटेक्निक चौराहा होते हुए 1090 चौराहे पर समाप्त होगी। रैली के इन पड़ावों पर संबंधित थाना क्षेत्रों की प्रतिष्ठित महिलाएं मौजूद रहेंगी। इस दौरान क्षेत्र की महिलाएं और बेटियां भी मौजूद रहेंगी। सभी को मिशन शक्ति और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी सभी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रैली में 80 गुलाबी स्कूटी, 06 चार पहिया वाहन, 20 डायल 112 वाहन (महिला पीआरवी) और एम्बुलेंस मौजूद रहेंगी। रैली में पहली गाड़ी खुली जिप्सी होगी, जिस पर 1090 का शुभंकर मौजूद रहेगा। यह वाहन पीए सिस्टम (पब्लिक एड्रेस सिस्टम) से लैस होगा, जिसके माध्यम से मिशन शक्ति और महिला सशक्तिकरण से संबंधित जिंगल प्रसारित किए जाएंगे।

योगी 25 महिलाओं को करेंगे सम्मानित

महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 11 बजे लोकभवन में दीप प्रज्ज्वलित कर मिशन शक्ति विशेष अभियान का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी तीन महिला विशिष्ट अतिथियों पद्मश्री हेमा प्रभा सोतिया, इसरो वैज्ञानिक रितु करिधल श्रीवास्तव, एचसीएल सीईओ रोशनी नादर और राज्य के विभिन्न विभागों की 25 महिलाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित करेंगे। इनमें से 15 नारी शक्ति उत्तर प्रदेश पुलिस से हैं। यह भी पढ़ेंः-जेवर एयरपोर्ट के रनवे का 70 फीसदी काम पूरा, अपर मुख्य सचिव ने किया निरिक्षण इस दौरान दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा राज्य के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा, प्रधान सचिव गृह संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक विजय कुमार समेत अन्य आला अधिकारी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जिलों में किया जाएगा, जहां प्रभारी मंत्री और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में गृह विभाग द्वारा मिशन शक्ति की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया जायेगा। साथ ही मिशन शक्ति अभियान की प्रगति पर एक लघु फिल्म भी दिखाई जाएगी। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)