Saturday, March 29, 2025
spot_img
spot_img
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeप्रदेशहिमाचल प्रदेशHill Stations पर जाने से पहले देख लें मौसम का हाल, बाद...

Hill Stations पर जाने से पहले देख लें मौसम का हाल, बाद में पड़ेगा पछताना

शिमलाः हिमाचल प्रदेश में मौसम खराब बना हुआ है। शनिवार को प्रदेश की पर्वत श्रृंखलाओं पर हल्की बर्फबारी जारी है, जबकि शिमला और मनाली जैसे प्रसिद्ध हिल स्टेशन (Hill Stations) बादलों से घिरे हुए हैं। मैदानी इलाकों में भी बादलों और धूप के बीच लुकाछिपी का खेल जारी है। पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश और बर्फबारी के कारण पूरे प्रदेश में ठंड ने फिर जोर पकड़ लिया है।

Hill Stations पर हो सकती है परेशानी

जनजातीय और ऊंचे पर्वतीय इलाकों में शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं। लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में न्यूनतम तापमान लगातार माइनस में बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। हालांकि 25 फरवरी से प्रदेश में फिर मौसम बदलेगा और बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 25 से 28 फरवरी के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। महाशिवरात्रि पर भी बिगड़ेगा मौसम

महाशिवरात्रि का पर्व 26 फरवरी को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन प्रदेश के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। लेकिन मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 26 फरवरी को कई स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बर्फबारी के कारण खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में यातायात प्रभावित हो सकता है।

येलो अलर्ट जारी, आंधी और भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने 25 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है। 26, 27 और 28 फरवरी को कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की भी चेतावनी दी गई है। इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है। बर्फबारी का असर खासकर लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, चंबा और शिमला जिलों के ऊपरी इलाकों में देखने को मिल सकता है। राज्य सरकार और प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

बर्फबारी के कारण 200 से अधिक रास्ते बंद

पिछले कुछ दिनों में राज्य के ऊपरी इलाकों में हुई भारी बर्फबारी के कारण कई सड़कें अभी भी बंद हैं। जानकारी के अनुसार करीब 200 संपर्क सड़कों पर यातायात पूरी तरह से ठप है। चंबा जिले में करीब 100 सड़कें अभी भी अवरुद्ध हैं। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और शिमला के ऊंचाई वाले इलाकों में भी कई सड़कें बंद हैं।

चार जगहों पर तापमान शून्य से नीचे

राज्य में ठंड का असर जारी है। लाहौल-स्पीति के ताबो में सबसे कम न्यूनतम तापमान -9.6 डिग्री दर्ज किया गया है। कुकुमसेरी में -8.2 डिग्री, केलांग में -8.5 डिग्री और किन्नौर के कल्पा में -1.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। अन्य प्रमुख जगहों में सराहन में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री, मनाली में 1.6 डिग्री, भरमौर में 2.4 डिग्री, सियोबाग में 3.5 डिग्री, सोलन और भुंतर में 4.6 डिग्री और शिमला में 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ेंः-शादी के बंधन में बंधे आदर जैन और आलेखा आडवाणी , कई दिग्गज हस्तियां हुई शामिल

इस बीच प्रशासन ने आगामी खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खास तौर पर पहाड़ी और आदिवासी इलाकों में रहने वाले लोगों को बर्फबारी और आंधी-तूफान से सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

सम्बंधित खबरें
- Advertisment -spot_imgspot_img

सम्बंधित खबरें