देश Featured

Chandrayaan 3: चंद्रयान-3 के चांद पर सफल लैंडिंग के बाद लगा बधाइयों का ताता, जानें किसने क्या कहा...

chandrayaan-3-successful-landing-congratulations-modi-shah Chandrayaan 3:  भारत के चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक लैंडिंग कर इतिहास रच दिया है। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग से पहले पूरी दुनिया की निगाहें टिकी थीं। भारत अब चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर अंतरिक्ष यान उतारने वाला पहला देश बन गया। भारत यह सफलता हासिल करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है। ऐसे में चंद्रमा मिशन की सफलता पर इसरो को देश भर से बधाइयां मिली रही है। चंद्रयान-3 के चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक लैंडिंग पर दक्षिण अफ्रीका में मौजूद प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इसरो और देश के वैज्ञानिकों को सफल मिशन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि मिशन की सफलता समस्त मानव जाति की सफलता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत में हम सब धरती को मां और चंद्रमा को मामा कहते हैं। कभी कहा जाता था कि चंदा मामा बहुत दूर हैं। अब एक दिन ऐसा भी आएगा जब बच्चे कहेंगे, चंदा मामा तो बस एक सैर है।” केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव में छिपे रहस्यों को उजागर करेगा। उन्होंने कहा कि भारत चंद्रमा पर पहुंचने वाला चौथा और दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश बन गया है। शाह ने बुधवार को एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि आजादी के अमृतकाल में हमारे देश को अंतरिक्ष के क्षेत्र में बहुत बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। यह हम सबके लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि देश के वैज्ञानिकों और इंजीनियर्स के प्रयासों ने भारत को विश्व में गौरव दिलाने का काम किया है। वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चंद्रयान-3 की सफल और ऐतिहासिक लैंडिंग के लिए सभी वैज्ञानिकों और इस मिशन से जुड़े देश के लोगों को बधाई दी, साथ ही देश को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व करने का मौका दिया. इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में देश हर दिन सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। ये भी पढ़ें..Chandrayaan-3: चंदा मामा दूर के नहीं, टूर के, चन्द्रयान-3 की सफलता पर बोले पीएम मोदी जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने चंद्रमा पर चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग के लिए इसरो, टीम चंद्रयान और पूरे अंतरिक्ष वैज्ञानिक समुदाय को बधाई दी है। भारत चंद्रमा पर अंतरिक्ष यान उतारने वाला चौथा और दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला पहला देश बन गया है। उपराज्यपाल ने ट्वीट कर कहा, भारत चांद पर है। चंद्रयान 3 चंद्र मिशन की सफलता के लिए टीम इसरो को हार्दिक बधाई। यह भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के विकास में एक बहुत महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

अमृतकाल अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत के भविष्य के लिए शुभ

शाह ने आगे कहा कि आने वाला अमृतकाल अंतरिक्ष के क्षेत्र में और भारत के भविष्य के लिए शुभ है और आज का चंद्रयान-3 मिशन इसी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज सभी देशवासियों के लिए गौरव का दिन है। अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार की नई अंतरिक्ष नीति के तहत पिछले दशक में 55 अंतरिक्ष यान और 50 लॉन्च वाहन मिशन को अंजाम दिया गया। इसके साथ ही भारत ने एक साथ 104 सैटेलाइट लॉन्च करने का रिकॉर्ड बनाया, भारत पहले ही प्रयास में मंगल ग्रह पर पहुंचने वाला पहला देश बन गया और आज चंद्रयान-3 मिशन को भी सफलता मिल गई है। उन्होंने कहा कि 2020 में मोदी सरकार द्वारा अंतरिक्ष क्षेत्र में किए गए सुधारों ने निजी खिलाड़ियों को मौका दिया है और इससे हमारे मिशन में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय कंपनियों के लिए अंतरिक्ष के द्वार खुलने से हमारे युवाओं के लिए रोजगार के ढेर सारे अवसर पैदा होंगे। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)