CG: पर्यटन के क्षेत्र में उभर रहा कोंडागांव, विदेशी पर्यटकों को लुभा रही प्राकृतिक खूबसूरती

66

कोंडागांव (CG): छत्तीसगढ़ का नक्सल प्रभावित जिला कोंडागांव अपने आप में अमूल्य सांस्कृतिक और पारंपरिक कलाओं के साथ-साथ ढेर सारी प्राकृतिक संपदा को समेटे हुए है। यहां की संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य अपने आप में अनोखा है। पहले पूरी दुनिया इन सभी संसाधनों से अनजान थी।

जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा जिले में मावा कोंडानार पर्यटन सर्किट विकसित किया गया है। इस सर्किट के निर्माण से जिले में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हुई है। जहां एक साल में एक लाख से ज्यादा लोग टाटामारी के मनोरम दृश्यों का आनंद ले चुके हैं। विदेश से आए 50 से अधिक पर्यटक यहां की खूबसूरती का आनंद ले चुके हैं।

फ्रांस की पर्यटक क्लेयर ने बताया कि वह टाटामारी और कोंडागांव दो बार आ चुकी हैं। जब वे अपने दोस्तों के साथ पहली बार यहां आईं तो उन्हें यहां की प्राकृतिक सुंदरता इतनी पसंद आई कि उन्होंने अपनी मां को इसके बारे में बताया तो वह भी मेरे साथ कोंडागांव घूमने आईं।

‘आदिम परंपरा और सादगी पसंद आई’

फ्रांस के ही अल्बाने और गेल ने बताया कि वे पहले भी कई जगहों पर घूम चुके हैं लेकिन उन्हें कोंडागांव में यहां के लोगों की आदिम परंपरा और सादगी पसंद आई। आदिवासी लोगों से मिलने और उनकी दिनचर्या को करीब से देखने का मौका मिला।

cg-tourism

‘मंझीनगढ़ की चोटी पर कैंपिंग का अनुभव अनोखा’

फिनलैंड के थॉमस, निकोडेम, टोपियाज़ ने कहा कि कोंडागांव में स्थानीय युवाओं द्वारा ट्रैकिंग के दौरान झरने, वनस्पतियों को देखने और प्रकृति के बीच प्राकृतिक वातावरण में मांझीगढ़ के शीर्ष पर कैंपिंग करने का अनुभव अपने आप में अनोखा था। यहां आकर बहुत खुशी महसूस हुई।

ये भी पढ़ें: Raipur: नगर निगमों की समीक्षा बैठक में सीएम ने दिए निर्देश, जारी किए 215 करोड़

‘टाटामारी की तुलना केवल स्वर्ग से’

युवाओं के बीच सिविल सर्विसेज की तैयारी के लिए मशहूर असिस्टेंट प्रोफेसर और काउंसलर डॉ. विजेंद्र सिंह चौहान हाल ही में बस्तर के दौरे पर थे। उन्होंने अपने प्रवास की शुरूआत कोण्डागांव जिले के पर्यटन स्थल टाटामारी से की, जैसे ही वे टाटामारी पहुंचे तो टाटामारी की प्राकृतिक सुंदरता देखकर आश्चर्यचकित रह गये और वह खुद को वहां की सुंदरता का वीडियो बनाने से नहीं रोक सके और एक ट्रैवल व्लॉगर की तरह अपने सोशल मीडिया के माध्यम से उस जगह की सुंदरता का वर्णन करते हुए कहा कि बस्तर अक्सर अशांति से परेशान रहता है। लेकिन, टाटामारी को देखकर आप इसकी तुलना केवल स्वर्ग से ही कर सकते हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)