CG: ‘प्रकृति को बचाने के लिए बनानी होगी रणनीति’, बोले सीएम साय

0
80

रायपुर (CG): मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि जलवायु परिवर्तन पूरे विश्व के लिए एक बड़ी समस्या है। जलवायु परिवर्तन के दुष्परिणामों के कारण अनियमित वर्षा, लंबे समय तक सूखा, चक्रवाती वर्षा, वर्षा ऋतु के समय में परिवर्तन जैसी चुनौतियों का सामना पूरे विश्व के साथ-साथ देश और प्रदेश को भी करना पड़ रहा है। इससे निपटने के लिए हमें रणनीति तय कर प्रकृति को बचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करना होगा। मुख्यमंत्री मंगलवार को राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में दो दिवसीय ‘छत्तीसगढ़ क्लाइमेट चेंज कॉन्क्लेव 2024’ को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम प्रकृति के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। अधिक सुख-सुविधाओं की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे असंतुलन की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और विसंगतियां उत्पन्न हो जाती हैं। जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के उपायों को लेकर 2015 में पेरिस समझौते पर हस्ताक्षर किये गये थे। जिसमें 196 देश शामिल हैं और अपने पर्यावरण को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वैश्विक समस्या के समाधान के लिए हम सब मिलकर प्रयास करेंगे तो अवश्य सफल होंगे।

यह भी पढ़ेंः-CG: महतारी वंदन सम्मेलन में महिलाओं के खातों में ट्रांसफर करेंगे सीएम

मील का पत्थर साबित होगी राज्य की भूमिका 

उन्होंने “छत्तीसगढ़ क्लाइमेट चेंज कॉन्क्लेव 2024” के आयोजन के लिए राज्य के वन विभाग और छत्तीसगढ़ राज्य जलवायु परिवर्तन केंद्र के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में राज्य की भूमिका एवं भावी कार्ययोजनाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इस कॉन्क्लेव में शामिल होने के लिए देशभर से आए विशेषज्ञ और पर्यावरणविद् जलवायु परिवर्तन की वैश्विक चुनौतियों और इसके दुष्प्रभावों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी और अनुभव साझा करेंगे। उनकी चर्चा से निकले निष्कर्ष छत्तीसगढ़ और देश के लिए उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने सम्मेलन में आये सभी अतिथियों का स्वागत किया।

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, विधायक एवं पद्मश्री सम्मानित अनुज शर्मा, पद्मश्री श्रीमती फूलबासन यादव, पद्मश्री हेमचंद मांझी और पद्मश्री जागेश्वर यादव, वन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव सहित वरिष्ठ अधिकारी, जनजाति समुदायों के प्रतिनिधि, वैद्यराज इस अवसर पर उपस्थित थे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)