प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured क्राइम

Bhadohi: पूर्व विधायक विजय मिश्र के पेट्रोल पंप से एके 47, मैगजीन के साथ कारतूस बरामद

vijay-mishra-min

भदोहीः जेल में बंद बाहुबली पूर्व विधायक विजय मिश्र के अमवा स्थित पेट्रोल पंप से पुलिस ने एके-47, चार मैगजीन के साथ 9 एमएम की पिस्टल और 375 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस को यह सफलता उनके गिरफ्तार बेटे विष्णु मिश्र को रिमांड पर लेने के बाद मिली है। भदोही पुलिस अधीक्षक डॉ अनिल कुमार के अनुसार, गोपीगंज पुलिस ने पूर्व में दर्ज आयुध मुकदमे के मामले में अदालत से बाहुबली पूर्व विधायक विजय मिश्र के बेटे विष्णु को रिमांड पर लिया था। इस दौरान पांच घंटे की पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि इनके अमवा स्थित पेट्रोल पम्प पर असलहों की खेप छुपाकर रखी गई है। इस पर उन्हें लेकर जाकर एक एके-47, चार मैगजीन के साथ 9 एमएम की पिस्टल और 375 कारतूस बरामद कर लिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद एके-47 का उपयोग कहां-कहां किया गया है। उल्लेखनीय है कि विष्णु मिश्रा भी धोखाधड़ी, संपत्ति विवाद एवं दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहा था उस पर एक लाख का इनाम घोषित किया गया था। एसटीएफ उसे महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया था। विष्णु की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा कई बार दबिश दी गयी थी लेकिन सफलता नहीं मिली, तो इनाम की राशि 25 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख कर दी गयी थी। विष्णु मिश्र के खिलाफ पहले से लुक आउट नोटिस भी जारी थी। दुष्कर्म एवं धोखाधड़ी के मामले में एसीजेएम की अदालत में पेश किया गया था। बाद में अदालत की तरफ से विष्णु मिश्र को आगामी 12 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।

ये भी पढ़ें..प्राइवेट हाथों में परमिट देने के निर्णय पर बिफरे रोडवेज कर्मचारी,...

जनपद की गोपीगंज कोतवाली में लगभग दो वर्ष पहले विजय मिश्र के रिश्तेदार कृष्ण मोहन तिवारी ने धोखाधड़ी एवं मकान और फर्म पर जबरिया कब्जा करने का मामला पूर्व विधायक विजय मिश्र, उनके बेटे विष्णु और पत्नी रामलली मिश्र पर कराया था। वाराणसी की एक महिला ने पूर्व विधायक विजय मिश्र उनके बेटे पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। अगस्त 2020 में विजय मिश्र मध्य प्रदेश के मालवा से गिरफ्तार कर जेल भेजे गए थे। अब सवाल उठता है कि दो साल तक एके-47 पेट्रोल पंप पर रखी थी लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…