Bypoll Results 2023: त्रिपुरा-उत्तराखंड में भाजपा की जीत, यूपी समेत तीन राज्यों में लगा तगड़ा झटका

76

Tripura-bypoll-Results-2023

Bypoll Results 2023: देश के छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। इसमें उत्तराखंड की बागेश्वर, केरल की पुथुपल्ली,यूपी की घोसी, त्रिपुरा की धनपुर और बोक्सानगर, झारखंड की डुमरी और बंगाल की धुपगुड़ी सीट शामिल है। लोकसभा चुनाव से पहले उपचुनाव को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए नतीजों के मुताबिक भाजपा ने 6 में से तीन जीत ली है। भाजपा को यूपी-बंगाल और झारखंड तगड़ा झटका लगा है। भाजपा के अलावा कांग्रेस-टीएमसी और झामुमो व सपा ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज कर ली है।

त्रिपुरा में भाजपा का शानदार प्रदर्शन

त्रिपुरा में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया है और दोनों सीटों पर जीत हासिल की है। उत्तराखंड की इस बागेश्वर सीट पर भी कमल खिला है। पार्वती दास ने कांग्रेस के बसंत कुमार को 2489 वोटों से हराया। वहीं बागेश्वर सीट पर जीत के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने बागेश्वर की जनता को धन्यवाद दिया और बीजेपी को जीत की बधाई दी। चुनाव आयोग के मुताबिक, केरल के पुथुपल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार चांडी ओमन ने जीत हासिल की है।

त्रिपुरा में बोक्सानगर से भाजपा उम्मीदवार तफज्जुल हुसैन ने 34146 वोट प्राप्त कर 30237 मतों के अंतर से चुनाव जीते हैं। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार मिजान हुसैन 3,909 वोट हासिल कर 33,965 वोटों के भारी अंतर से चुनाव हार गए। इस सीट पर 434 लोगों ने नोटा का बटन दबाया। राज्य की दूसरी विधानसभा सीट धनपुर से बीजेपी उम्मीदवार बिंदू देबनाथ 30,017 वोट पाकर 18,871 वोटों से चुनाव जीते। उनके प्रतिद्वंद्वी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के कौशिक चंद्रा को 11,146 वोट मिले। वह 18871 वोटों के अंतर से चुनाव हार गये। इस सीट पर 533 लोगों ने नोटा पर भरोसा जताया। वहीं यूपी की घोसी सीट पर सपा के सुधाकर सिंह लगभग जीत चुके है, उन्होंने बीजेपी के दारा सिंह चौहान से करीब 50 हजार वोटों से आगे हैं।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जनता को दी बधाई

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर बाबा बागनाथ की पवित्र भूमि बागेश्वर की देवतुल्य जनता को भारतीय जनता पार्टी में विश्वास जताने के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा है कि यह जीत मातृशक्ति, युवाशक्ति और वरिष्ठजनों के भाजपा सरकार पर अटूट विश्वास का प्रमाण है।

उन्होंने कहा है कि इस उपचुनाव में बागेश्वर विधानसभा की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर मुहर लगाई है। राष्ट्रवाद, जनकल्याण एवं सुशासन को समर्पित यह ऐतिहासिक जीत बागेश्वर के सर्वांगीण विकास की नई इबारत लिखेगी। धामी ने बागेश्वर से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक पार्वती दास को उनके उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)