MP :40 साल बाद छिंदवाड़ा में खिला कमल, बंटी साहू ने नकुलनाथ को 1 लाख से अधिक वोटों से हराया

10
bunty-sahu-defeated-nakul-nath

भोपाल: मध्य प्रदेश की सबसे हॉट सीट छिंदवाड़ा के नतीजे आ गए हैं। यहां 40 साल बाद कमल खिला है। छिंदवाड़ा सीट से बीजेपी के बंटी साहू ने कांग्रेस के नकुल नाथ को 1 लाख 13 हजार 555 वोटों से हरा दिया है। जीत के साथ ही बीजेपी ने विजय जुलूस निकालना शुरू कर दिया है।

छिंदवाड़ा से कांग्रेस की हार

दरअसल आजादी के बाद से छिंदवाड़ा सीट ज्यादातर कांग्रेस के पास ही रही है। साल 1977 में जब पूरे देश में इंदिरा गांधी के खिलाफ लहर थी, तब भी कांग्रेस ने इस सीट पर जीत दर्ज की थी। यहां से नौ बार कमल नाथ सांसद रह चुके हैं। इस सीट पर 40 साल से ज्यादा समय तक कमल नाथ परिवार का कब्जा रहा था। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने छिंदवाड़ा सीट जीती थी और यहां से कमल नाथ के बेटे नकुल नाथ ने जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार कांग्रेस को यहां हार का सामना करना पड़ा है। इंदौर में लालवानी रिकॉर्ड मतों से जीते, विदिशा से शिवराज और गुना से सिंधिया भी जीते मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी लगातार क्लीन स्वीप की ओर बढ़ रही है। बीजेपी ने अब तक राज्य की 29 में से 10 सीटों पर जीत दर्ज की है। जबकि 19 सीटों पर आगे चल रही है।

यह भी पढ़ें-बड़ी हार की कगार पर स्मृति ईरानी, कांग्रेस के किशोरी लाल की जीत तय

11 लाख से अधिक वोटों से लालवानी जीते

घोषित नतीजों में इंदौर सीट पर भाजपा प्रत्याशी शंकर लालवानी ने रिकॉर्ड 11 लाख 75 हजार 92 वोटों से जीत दर्ज की है। यह देश में अब तक की सबसे बड़ी जीत है। वहीं विदिशा से भाजपा प्रत्याशी शिवराज सिंह चौहान ने 8 लाख 20 हजार 868 वोटों से जीत दर्ज की है। गुना से भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 5 लाख 40 हजार 929 वोटों से जीत दर्ज की है। इसके अलावा टीकमगढ़ में भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कुमार खटीक ने 4 लाख 3 हजार 312 वोटों से जीत दर्ज की है। भोपाल से भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा ने करीब 5 लाख वोटों से जीत दर्ज की है।

खजुराहो सीट पर भी भाजपा प्रत्याशी वीडी शर्मा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 5 लाख 25 हजार 798 वोटों से हराया है। वहीं सागर सीट से भाजपा प्रत्याशी लता वानखेड़े ने 4 लाख 69 हजार 83 वोटों से जीत दर्ज की है। सतना सीट से भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह ने 84449 वोटों से चुनाव जीता है। सतना सीट पर यह उनकी लगातार पांचवीं जीत है। होशंगाबाद सीट से भाजपा के दर्शन सिंह चौधरी 4 लाख 31 हजार 696 वोटों से जीते हैं। बैतूल में भाजपा उम्मीदवार दुर्गा दास उइके 3 लाख 80 हजार 598 वोटों से चुनाव जीते हैं। मंडला सीट से भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते 1 लाख 3 हजार 846 वोटों से जीते हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)