Budget 2025: संसद का बजट सत्र आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के साथ शुरू हो गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार के कामों को गिनाया। साथ ही ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ और वक्फ संशोधन जैसे विधेयकों का भी जिक्र किया। आइए एक नजर डालते हैं राष्ट्रपति मुर्मू के अभिभाषण से जुड़ी 10 बड़ी बातों पर।
Budget 2025: राष्ट्रपति ने अभिभाषण की बड़ी बातें
राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मेरी सरकार का मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ है और हम इसी पर काम कर रहे हैं। सरकार राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ रही है। अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में विकास का माहौल बना है।
उन्होंने देश के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए बढ़े बजट का जिक्र किया। संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, “हमारा एक ही लक्ष्य है, विकसित भारत बनना। इंफ्रास्ट्रक्चर बजट में 10 साल में पांच गुना बढ़ोतरी हुई है।” राष्ट्रपति ने भारत में तकनीक पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “भारत की यूपीआई ट्रांजेक्शन प्रणाली की सफलता से दुनिया के विकसित देश भी प्रभावित हैं। भारत तकनीक में वैश्विक खिलाड़ी है, यहां डिजी लॉकर और यूपीआई जैसी सेवाएं हैं।”
उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, “आज हमारे युवा स्टार्टअप से लेकर खेल और अंतरिक्ष तक हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीक अपनाने के क्षेत्र में भारत दुनिया को राह दिखा रहा है। डिजिटल तकनीक, स्टार्टअप, इनोवेशन में भारत आगे है।”
भारत में गरीबी को हराने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की तारीफ की। राष्ट्रपति ने कहा, “हम यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं कि गरीबों को सम्मानजनक जीवन मिले। देश के 25 करोड़ लोग आज गरीबी को हराकर अपने जीवन में आगे बढ़ रहे हैं। हमने नए मध्यम वर्ग के लिए ऐसा मंच तैयार किया है जो नई ऊर्जा से भरा हुआ है।”
आठवें वेतन आयोग का किया जिक्र
राष्ट्रपति ने आठवें वेतन आयोग के गठन की तैयारियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों को सम्मान देने के लिए आठवें वेतन आयोग के गठन का फैसला किया गया है। लाखों केंद्रीय कर्मचारियों को यूनिफाइड पेंशन के तहत 50 प्रतिशत निश्चित पेंशन देने का फैसला किया गया है। राष्ट्रपति ने देश में बढ़ते पेपर लीक मामलों पर भी बात की। राष्ट्रपति ने कहा कि पेपर लीक को रोकने के लिए नया कानून लागू किया गया। छात्रों को उच्च शिक्षा में मदद करने के लिए एक योजना शुरू की गई। उन्हें 500 कंपनियों में इंटर्नशिप भी कराई जाएगी।
ये भी पढ़ेंः- Budget 2025: बजट सत्र से पहले PM Modi बोले- ‘ विकसित भारत का संकल्प करेंगे पूरा’
‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ समेत कई विधेयकों के बारे में की बात
‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ समेत कई विधेयकों के बारे में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, “सरकार ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ और वक्फ संशोधन विधेयक की दिशा में भी कदम उठाए हैं।” उन्होंने साइबर सुरक्षा को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बताया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, “मेरी सरकार साइबर सुरक्षा में दक्षता सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। डिजिटल धोखाधड़ी, साइबर अपराध और डीपफेक सामाजिक, वित्तीय और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौतियां हैं।”
उन्होंने देश में महिलाओं के बढ़ते प्रतिनिधित्व की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “यह बहुत गर्व की बात है कि आज बड़ी संख्या में महिलाएं लड़ाकू विमान उड़ा रही हैं, पुलिस में शामिल हो रही हैं और देश में कॉरपोरेट का नेतृत्व भी कर रही हैं। हमारी बेटियां ओलंपिक पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर रही हैं।”