Budget 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट वित्त वर्ष 2025-26 आज लोकसभा में पेश किया जाएगा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार आठवां आम बजट पेश करेंगी। बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने वित्त मंत्री सीतारमण को दही-चीनी खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया खिलाई।
Budget 2025: राष्ट्रपति ने दही-चीनी खिलाकर दी शुभकामनाएं
लोकसभा में बजट (Budget 2025) पेश करने से पहले केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस दौरान वित्त मंत्री ने राष्ट्रपति मुर्मू से बजट पेश करने की मंजूरी मांगी। राष्ट्रपति ने बजट को अपनी मंजूरी दी और वित्त मंत्री को दही-चीनी खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
जानें क्यों निभाई जाती है दही-चीनी खिलाने की परंपरा
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भारत में किसी भी शुभ कार्य से पहले दही और चीनी खिलाने की परंपरा है। ऐसा माना जाता है कि दही और चीनी खाने से काम में सफलता मिलती है। दरअसल, दही को शुद्धता और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है, जबकि चीनी को मिठास और सद्भाव का प्रतीक माना जाता है।
भारतीय संस्कृति में दही और चीनी का विशेष महत्व है। इसलिए केंद्रीय बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री राष्ट्रपति से मिलते हैं और इसके बाद राष्ट्रपति वित्त मंत्री को दही-चीनी खिलाते हैं और उन्हें बजट की शुभकामनाएं देते हैं। इस परंपरा के पूरा होने के साथ ही बजट पेश करने की औपचारिक अनुमति भी मिल जाती है।
ये भी पढ़ेंः- Budget 2025: निर्मला सीतारमण आज 8वीं बार पेश करेंगी बजट
बजट पेश करने वाली पहली वित्त मंत्री इंदिरा गांधी
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी को लोकसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए लगातार आठवां बजट पेश करेंगी। इससे पहले वह लगातार सात बार बजट पेश कर इतिहास रच चुकी हैं। उन्होंने छह पूर्णकालिक और दो अंतरिम बजट पेश किए हैं। सीतारमण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में लगातार सभी आठ बजट पेश किए हैं। सीतारमण वर्ष 2019 में देश की दूसरी वित्त मंत्री बनीं। इससे पहले इंदिरा गांधी पहली महिला वित्त मंत्री थीं, जिन्होंने वित्त मंत्री के तौर पर 1970-71 का बजट पेश किया था।