लखनऊ में कांस्य पदक जीतने वाली हरियाणा हॉकी टीम का हुआ सम्मान

0
55
hockey
hockey

भिवानी: खिलाड़ियों की उपलब्धि की बदौलत देश का झंडा विदेशों में शान से फरहाया जाता है, जिसके लिए खिलाड़ी सम्मान के पात्र हैं। खिलाड़ियों का सम्मान करने से अन्य युवाओं का भी खेल के प्रति रूझान बढ़ता है तथा वे खेलों में भागीदारी कर प्रदेश व देश का नाम रोशन कर सकें। यह विचार परिवर्तन मंच के संयोजक मास्टर सतबीर रतेरा ने खेलो इंडिया प्रतियोगिता में हॉकी खेल में कांस्य पदक विजेता हरियाणा की टीम की खिलाड़ी तरू का स्वागत करते हुए कही।

दरअसल, हाल ही में उत्तर प्रदेश के लखनऊ में खेलो इंडिया प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें हॉकी प्रतियोगिता में हरियाणा की टीम ने उड़ीसा की टीम को हराकर कांस्य पदक जीता था। इस हरियाणा टीम के सदस्य खिलाड़ी तरू के सम्मान में परिवर्तन मंच ने स्थानीय सेक्टर-13 स्थित अपने कार्यालय पर एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।

इस मौके पर मंच के संयोजक मास्टर सतबीर रतेरा ने कहा कि तरू स्थानीय भीम स्टेडियम में अभ्यास करती है। उन्होंने कहा कि भिवानी के बेटे और बेटियों द्वारा खेल के क्षेत्र में देश व प्रदेश का गौरव बढ़ाने की बदौलत भिवानी को खेल नगरी के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि भिवानी की मिट्टी में विश्व स्तर के खिलाड़ी पैदा करने की क्षमता है। रतेरा ने कहा कि खिलाड़ी तरू की उपलब्धि से अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी तथा उन्हें भी खेलों में भागीदारी कर देश के लिए मेडल जीतने की प्रेरणा मिलेगी।

रतेरा ने कहा कि यहां के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो बस सही प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन की। उन्होंने कहा कि खेलों में भागीदारी कर युवा नशे जैसी बुराई से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकता है। युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी अपनी भागीदारी निभानी चाहिए तथा नागरिकों को चाहिए कि खेल व खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करें, ताकि खिलाड़ी राष्ट्र का नाम विश्वभर में चमकाने की दिशा में मेहनत करें।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)