अब पूरे भारत में बिखरेगी ‘भोजपुरी माटी’ की गंध, भोजपुरी कला व संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा

27

गोरखपुरः 37 वर्षों का लंबा इंतजार खत्म हुआ। अब भोजपुरी भाषी दूरदर्शन पर अपनी भाषा में विविध कार्यक्रम देख सकेंगे। गोरखपुर दूरदर्शन केंद्र परिसर में स्थापित अर्थ स्टेशन से भोजपुरी कार्यक्रमों का प्रसारण शुरू कर दिया गया है। कार्यक्रमों का प्रसारण सुबह और शाम दोनों वक्त हर दिन किया जाएगा। दिन में 11 बजे से 11: 30 बजे तक व रात्रि में 8 बजे से 8:30 बजे पूरे सप्ताह भर विविध कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के साथ बिहार व नेपाल के दर्शक भी देख सकेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के संदेश से हुई।

ये भी पढ़ें..सेहत के लिए बेहद लाभकारी है ड्रैगन फ्रूट, कैंसर व डायबिटीज जैसी बीमारियों को रखता है दूर

दूरदर्शन केंद्र गोरखपुर के कार्यक्रम प्रमुख डॉ. ब्रजेन्द्र नारायण ने केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सबके अथक प्रयास से आज भोजपुरी भाषा में कार्यक्रम का सफल प्रसारण किया गया। एक नयेपन के साथ लोगों के कई दिनों से चली आ रही मांग आज पूरी हुई है। पहले हमें कार्यक्रम दिखाने का कम समय मिल पाता था। यहां रिकॉर्डिंग करके पहले लखनऊ भेजा जाता था। जहां से कार्यक्रम प्रसारित होता था।

3 दिसंबर को केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर केंद्र को अर्थ स्टेशन की सौगात दी, जिससे अब कार्यक्रम को सीधे सेटेलाइट से डीटीएच के माध्यम से डाउनलोड कर देखा जा सकता है। पहले से ज्यादा समय भी मिलेगा। डॉ. नारायण ने कहा कि दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों को हम पूरे भारतवर्ष में कहीं भी देख सकते हैं। नेपाल में रहने वाले लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के माध्यम से हम भोजपुरी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक महत्व को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा सकेंगे।

भोजपुरी कला व संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा

दूरदर्शन पर शुरु हुए विविध कार्यक्रमों से भोजपुरी कला व संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। लोग इसके महत्व को जान सकेंगे। इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश व पश्चिमी बिहार के लोगों को उनकी मातृभाषा में कार्यक्रम देखने को मिलेगा। पूरे भारत वर्ष में फैले भोजपुरी भाषी लोगों के लिए यह ऐतिहासिक पल है। कार्यक्रमों के माध्यम से दूरदर्शन सामाजिक मूल्यों को दिखाने का प्रयास करेगा। डॉ. नारायण ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से यदि हम किसी भी दर्शक के ज्ञान, सूचना में बढ़ोतरी कर सकेंगे तो यही हमारी उपलब्धि होगी। उपलब्ध संसाधन में अपना शत-प्रतिशत देने के लिए गोरखपुर दूरदर्शन केंद्र लगातार प्रयत्नशील रहेगा। उन्होंने कहा कि सांसद रवि किशन ने इस केंद्र के विस्तार व विकास के लिए सदैव प्रयास किया। आज उनका प्रयास भी फलीभूत हुआ है।

प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा

दिन सुबह 11 से 11ः15 व 11ः15 से 11ः30 रात 8 से 8ः15 व 8ः15 से 8ः30
सोमवार: घर-गृहस्थी जारी, स्वास्थ, फिटनेस व सुगम संगीत
मंगलवारः उड़ान उड़ान जारी, भोजपुरिया धमाल जारी
बुधवार: कैंपस से, चल शूटिंग देखें जारी, झलकी भोजपुरिया धमाल
गुरुवार: विकास के राह पर यूपी, सुगम संगीत, साहित्यिकी
शुक्रवार: हमार थाती, भोजपुरिया धमाल, नाटक
शनिवार: आस-पास, भोजपुरी धमाल, जनमंच
रविवार: बाल संघ, आपन बात, आपन बात

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)