Braj Mandal Yatra : शांतिपूर्वक निकली ब्रजमंडल यात्रा, मुसलमानों ने बरसाए फूल

42
braj-mandal-jalabhishek-yatra-peacefully

नूंह: नूंह के नल्हड़ेश्वर मंदिर में ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा में साल 2023 में भले ही अनहोनी हुई हो, लेकिन वर्ष 2024 की यात्रा बेहद शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। यात्रा की सुखद बात यह रही कि मुस्लिमों ने यात्रा पर पुष्प वर्षा की। यह धार्मिक एकता और सौहार्द हमारे देश की खूबसूरती है, जो सोमवार को ब्रज मंडल यात्रा में देखने को मिली। एहतियात के तौर पर नूंह जिले में भारी संख्या में पुलिस बल और अन्य सुरक्षा बल तैनात किए गए थे।

लगे जय श्री राम के नारे

80 किलोमीटर लंबी यह यात्रा भारी सुरक्षा के बीच कर्फ्यू जैसे हालातों के बीच संपन्न हुई। प्रशासन ने यात्रा संपन्न होने का समय 5 घंटे तय किया था। यात्रा महज 4 घंटे में ही संपन्न हो गई। गुरुग्राम, नूंह जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली। बता दें कि नूंह जिले के पांडवकालीन नल्हड़ेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के लिए कई दिनों से तैयारियां की जा रही थीं। यात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना हरियाणा सरकार के लिए चुनौती थी। यात्रा गुरुग्राम शहर के सेक्टर-10 से शुरू हुई। हरिद्वार से लाया गया गंगाजल नल्हड़ेश्वर मंदिर में चढ़ाया जाना था। श्रद्धालु एक बर्तन में गंगाजल लेकर रवाना हुए। इस दौरान जय श्री राम, जय शंकर की, भारत माता की जैसे नारे लगाए गए।

प्रशासन ने की थी पूरी तैयारी

यात्रा को सुबह 10 बजे मंदिर पहुंचना था, लेकिन यह तीन घंटे देरी से मंदिर पहुंची। पिछले साल यात्रा में हुए व्यवधान के बुरे दौर को भूलकर इस बार सोमवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी यात्रा पर पुष्प वर्षा की। हिंदू-मुस्लिम भाईचारे के नारे भी लगाए गए। धार्मिक उन्माद से इतर यह नजारा काफी सुकून देने वाला था। साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान के साथ यात्रा में जलाभिषेक किया। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच साधु-संतों और श्रद्धालुओं का काफिला नल्हड़ेश्वर मंदिर, फिरोजपुर झिरका के झिरकेश्वर मंदिर और पुन्हाना के सिंगार श्रृंगेश्वर महादेव मंदिर पहुंचा। यहां यात्रा का समापन किया गया। यात्रा के दौरान कोई भी शरारती तत्व सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की गलत सूचना न फैला सके, इसके लिए रविवार शाम छह बजे से सोमवार शाम छह बजे तक जिले में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई।

यह भी पढ़ेंः-Braj Mandal Yatra: 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद, मीट की दुकानों के शटर डाउन, पुलिस तैनात

पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण पुलिस ने ड्रोन से अरावली की पहाड़ियों पर निगरानी की। नूंह में 2000 पुलिस जवान तैनात किए गए। इस यात्रा से एक दिन पहले रविवार को ऑल इंडिया इमाम ऑर्गेनाइजेशन के चेयरमैन डॉ. इमाम उमर अहमद इलियासी भी नूंह पहुंचे। उन्होंने मेवात के मुसलमानों को अच्छा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पिछली बार हिंसा ने मुसलमानों पर दाग लगा दिया था। इस बार यह अच्छा मौका है कि इस यात्रा को सफल बनाकर इस दाग को धोया जाए। मेवात के मुसलमानों ने उनके आह्वान का पूरी तरह पालन किया। इस यात्रा में किसी भी तरह की कोई बाधा नहीं आई। यात्रा भाईचारे के साथ संपन्न हुई।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)