ब्राह्मण युवक ने मुस्लिम युवती से किया प्रेम विवाह, लड़की के परिजन बोले- इस्लाम कबूल करो वरना…

0
370

जमशेदपुर: धर्म और जाति से बिल्कुल अलग कॉलेज में एक साथ पढ़ाई करने वाले हिंदू ब्राह्मण परिवार के सचिन ओझा ने मुस्लिम युवती से प्रेम विवाह कर लिया है। दोनों पिछले तीन दिनों से घर से गायब थे। दोनों वर्कर्स कॉलेज मानगो में इंटरमीडिएट फाइनल ईयर के छात्र हैं।

गुरुवार को दोनों ने साकची के शीतला मंदिर में हिंदू रीति रिवाज से प्रेम विवाह कर लिया है। युवक उलीडीह में ही घरौंदा अपार्टमेंट में रहता है, जबकि लड़की कपाली बस्ती की रहने वाली है। शुक्रवार को दोनों ने उलीडीह थाना जाकर पुलिस से सहायता मांगी है। मामला कपाली थाना का है। इसलिये उलीडीह पुलिस ने कपाली थाना को सूचना देकर बुला लिया है। कपाली पुलिस मामले को देख रही है। युवती और युवक दोनों बालिग हैं।

दोनों के परिवार वाले विरोध में उतरे

थाना में सरेंडर करने वाले युवक ने कहा है कि वह पिछले एक वर्ष से लड़की से प्यार करता है और उसके साथ शादी कर चुका है। उसी के साथ रहना चाहता है, जबकि लड़की के परिवार वाले उसके सख्त खिलाफ हैं। उनका कहना है कि अगर लड़का मुस्लिम बन जाता है तो वे लोग उसे स्वीकार कर लेंगे, अन्यथा विरोध होगा। लड़का का कहना है कि लड़की ने हिंदू धर्म और रीति के अनुसार मंदिर में उसके साथ शादी कर लिया है। वह हिंदू बन चुकी है। लड़के के परिवार वाले भी इस रिश्ते को स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं, लेकिन लड़का-लड़की दोनों अपने-अपने परिवार से अलग रहना चाहते हैं।

यह भी पढ़ेंः-कांवड़ यात्राः सुप्रीम कोर्ट ने कहा- भक्तों के लिए निकटतम शिव मंदिरों गंगाजल उपलब्ध कराएं राज्य

तीन दिन पहले लड़की के लापता होने की सूचना कपाली थाने को दी गई थी और कपाली पुलिस लड़की का पता लगा रही थी। इसलिए उलीडीह पुलिस का कहना है कि मामला कपाली का है। उलीडीह पुलिस इस मामले में कुछ नहीं कर सकती है। युवती ने भी लड़के को हमसफर के रूप में स्वीकार कर लिया है और उसका कहना है कि वह लड़के के साथ ही रहेगी। पिछले तीन दिनों से दोनों इधर-उधर होटल में रह रहे थे।