घर के संदूक में भाई-बहन के शव मिलने मचा हड़कंप, जताई जा रही ये आशंका

0
126
pratapgarh

 

dead-body
डेमो पिक

नई दिल्लीः जामिया नगर के जोगा बाई एक्सटेंशन में दो मासूम भाई-बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों दोपहर करीब साढ़े तीन बजे से लापता थे। तलाश करने पर शाम करीब सात बजे घर में रखे लकड़ी के बक्से से दोनों के शव बरामद हुए। बच्चे के मुंह से झाग निकल रहा था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची क्राइम व एफएसएल की टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।

डीसीपी राजेश देव ने बताया कि मृतक बच्चों की पहचान आठ वर्षीय नीरज और छह वर्षीय आरती के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में बच्चों की मौत हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। खेलते-खेलते दोनों बच्चे किसी तरह डिब्बे में बंद हो गए, जिससे दम घुटने से उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। उसी के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

पुलिस के मुताबिक एफ-2 जोगा बाई एक्सटेंशन में बलबीर अपने परिवार के साथ रहता है। उनके परिवार में उनकी पत्नी, दो बच्चे नीरज और आरती हैं। बलबीर पेशे से चौकीदार है। जामिया नगर थाना पुलिस को शाम करीब सात बजे सूचना मिली कि एक घर में दो बच्चों के शव मिले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने एक घर में रखे लकड़ी के पुराने बक्से से दो बच्चों नीरज और आरती के शव बरामद किए।

यह भी पढ़ेंः-Pakistan Violence: इमरान की पत्नी ने सरकार से मांगा ब्योरा, गिरफ्तारी से संरक्षण…

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक बच्चों ने दोपहर 3 बजे अपने माता-पिता के साथ खाना खाया था। लेकिन दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह लापता हो गया। माता-पिता और पड़ोसियों ने उन्हें हर जगह खोजा, लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। बाद में घर में बच्चों को ढूंढ़ते हुए जब उन्होंने लकड़ी के बक्से को खोला तो उसमें दोनों बच्चे मृत पड़े थे। जांच से जुड़े पुलिस सूत्रों के मुताबिक, क्राइम टीम को दोनों मृतक बच्चों के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।