देश Featured

Assam: ब्रह्मपुत्र नदी के निर्माणाधीन पुल से टकराकर नाव पलटी, अधिकारी समेत कई लापता

गुवाहाटी: असम के धुबरी जिले में गुरुवार सुबह ब्रह्मपुत्र नदी में एक नाव पलट गई। कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। धुबरी के अतिरिक्त उपायुक्त मनश कुमार सैकिया ने बताया कि दुर्घटना ब्रह्मपुत्र नदी पर निमार्णाधीन धुबरी-फुलबारी पुल पर हुई।

उन्होंने बताया कि नाव निमार्णाधीन पुल के एक खंभे से टकराकर पलट गई। घटना के बाद कम से कम पांच लोग तैरकर नदी पार कर किनारे तक पहुंच पाए। लेकिन, कई लोग अभी भी लापता हैं। उन्होंने कहा, "नाव पर लगभग 50 लोगों के सवार होने की खबरें थीं। लेकिन, हम अभी भी सटीक संख्या के बारे में निश्चित नहीं हैं।" पता चला है कि धुबरी अंचल अधिकारी संजू दास, एक भूमि रिकॉर्ड अधिकारी और एक कार्यालय कर्मचारी के साथ एक कटाव प्रभावित क्षेत्र का सर्वेक्षण करने के लिए नाव पर थे। ये सभी हादसे के बाद से लापता हैं।

ये भी पढ़ें..अशोक गहलोत नहीं लड़ेंगे अध्यक्ष का चुनाव, सोनिया गांधी से मांगी...

लोगों को बचाने के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) को तैनात किया गया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अब तक करीब 15 लोगों को बचा लिया गया है। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि नाव पर कई स्कूली बच्चे भी सवार थे। इसमें करीब 10 मोटरसाइकिलें भी थीं। घटना का स्थान अदाबारी के नाम से जाना जाता है, जो धुबरी शहर से 3 किमी दूर है।

देश का सबसे लम्बा पुल होगा धुबरी-फुलबारी पुल -

धुबरी-फुलबारी पुल असम और मेघालय के बीच ब्रह्मपुत्र नदी पर एक प्रस्तावित पुल है। 2026-27 तक पूरा होने वाला यह पुल पानी पर भारत का सबसे लम्बा पुल होगा, जो 19 किमी से अधिक लम्बा होगा। बांग्लादेश सीमा के करीब यह पुल असम के धुबरी को मेघालय के फूलबाड़ी इलाके से जोड़ेगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)