रामपुर सीट पर पहली बार खिला भाजपा का कमल, ढह गया आजम खां का किला

0
27
bjp-in-bihar
MCD
bjp

मेरठ: रामपुर विधानसभा के उप चुनाव में आजम खां का किला गुरुवार को ढह गया और इस सीट पर पहली बार भाजपा का कमल खिला। आजम खां के खिलाफ जंग लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने सपा प्रत्याशी आसिम राजा को 34136 मतों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। रामपुर विधानसभा सीट के उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना हनी और सपा प्रत्याशी आसिम राजा के बीच आमने-सामने की टक्कर थी। यह चुनाव आजम खां के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया था। जबकि भाजपा ने आजम के किले को ढहाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी।

सपा के चुनाव प्रचार की कमान आजम खां ने संभाली हुई थी। आक्रामक चुनाव प्रचार, केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों के बल पर भाजपा अपनी जीत के लिए आश्वस्त थी। गुरुवार को मतगणना के बाद रामपुर सीट का इतिहास बदल गया। भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने सपा के आसिम राजा को 34136 मतों से बुरी तरह से हरा दिया और इस सीट पर पहली बार भाजपा का कमल खिलाया। भाजपा प्रत्याशी को 81432 मिले, जबकि सपा प्रत्याशी को 47296 वोटों से संतोष करना पड़ा। इस हार से आजम खां को बहुत बड़ा झटका लगा है। रामपुर सीट से आजम खां ने दस बार जीत हासिल की। जबकि एक उप चुनाव में आजम की पत्नी तंजीम फात्मा चुनाव जीती।

ये भी पढ़ें..पीएम के किले को भेदने में कामयाब रहे ‘आप’: केजरीवाल

रामपुर उप चुनाव में प्रत्याशियों को मिले मत –

भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना को 81432, सपा प्रत्याशी आसिम राजा को 47296, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के जयवीर सिंह को 169, बहुजन आंदोलन पार्टी के शिव प्रसाद को 87, निर्दलीय इम्त्यिाज-उर-रहमान खान को 335, मोहम्मद इरफान खान को 116, जुनैद खान को 244, मोईन खान को 204, राजेंद्र सिंह को 214, संदीप सिंह को 385 मत मिले। जबकि 726 लोगों ने नोटा का बटन दबाया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)